UPPSC : कागजों पर टिका PCS में 154 चयनितों का भविष्य, न देने पर रद्द हो जाएगा सेलेक्शन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस 2024 के अंतिम परिणाम में चयनित 154 अभ्यर्थी ऐसे हैं जिन्हें बहुप्रतीक्षित नौकरी तो मिल गई है लेकिन कुछ आवश्यक कागजों पर भविष्य टिका हुआ है।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 29 मार्च को घोषित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस) 2024 के अंतिम परिणाम में चयनित 154 अभ्यर्थी ऐसे हैं जिन्हें बहुप्रतीक्षित नौकरी तो मिल गई है लेकिन कुछ आवश्यक कागजों पर भविष्य टिका हुआ है। आयोग ने 16 फरवरी से 20 मार्च तक 23 कार्यदिवसों में दो पालियों में पीसीएस के साक्षात्कार आयोजित किए थे। इस भर्ती के तहत 24 प्रकार के पदों के लिए कुल 947 रिक्तियां थीं। इनमें से डिप्टी जेलर के 60 पदों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर हुआ है इसलिए साक्षात्कार में 887 पदों के लिए 2,719 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था। डिप्टी जेलर के 60 पदों पर सफल 53 अभ्यर्थियों ने दूसरे पदों के लिए भी साक्षात्कार दिया था लेकिन सात अभ्यर्थी ऐसे हैं जो सिर्फ लिखित परीक्षा के आधार पर सफल हैं।
यही कारण है कि उनका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन नहीं हो सका है। इनके अंतिम परिणाम में भी चयन औपबंधिक (प्रोविजनल) लिखकर आ रहा है। इसके अलावा 151 अभ्यर्थी ऐसे हैं जिन्होंने साक्षात्कार से पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन तो कराया था लेकिन उनमें कोई न कोई कमी निकल गई। अब आयोग की ओर से इन अभ्यर्थियों के लिए जल्द डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराया जाएगा ताकि चयनितों के नाम की संस्तुति शासन को भेजी जा सके।
डॉक्यूमेंट न देने पर निरस्त हो जाएगा चयन
आयोग ने परिणाम में ही साफ कर दिया है कि अंतिम रूप से सफल घोषित जिन अभ्यर्थियों के सम्मुख औपबंधिक अंकित है, उनसे यह अपेक्षित है कि वे निर्धारित तिथि तक वांछित डॉक्यूमेंट अवश्य प्रस्तुत कर दें अन्यथा उनका चयन निरस्त कर दिया जाएगा।




साइन इन