UPPSC PCS 2026: सीएम फेलोशिप नियमों के फेर में अटकी यूपी पीसीएस और RO/ARO भर्ती, कब जारी होगा विज्ञापन?
UPPSC PCS 2026 Notification: उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) 2026 और समीक्षा अधिकारी (RO)/सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) समेत कई बड़ी सरकारी भर्तियां इस समय नियमों में संशोधन के फेर में अटक गई हैं।

UPPSC PCS 2026 Notification: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की तैयारी कर रहे लाखों प्रतियोगी छात्रों के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर है। उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) 2026 और समीक्षा अधिकारी (RO)/सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) समेत कई बड़ी सरकारी भर्तियां इस समय नियमों में संशोधन के फेर में अटक गई हैं। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार, अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है और मई 2026 के अंत तक इन भर्तियों के विज्ञापन जारी होना शुरू हो जाएंगे। नियमों में हो रहे इस बदलाव के कारण इस साल की सबसे प्रतिष्ठित 'यूपी पीसीएस 2026' की भर्ती अपने तय समय से लगभग तीन महीने की देरी से चल रही है।
क्यों फंसी हैं भर्तियां? क्या है पूरा विवाद?
भर्तियों के लटकने की मुख्य वजह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 29 जनवरी को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया एक महत्वपूर्ण निर्णय है। इस बैठक में सरकार ने ‘सीएम फेलोशिप योजना’ का अनुभव रखने वाले प्रदेश के युवाओं को सरकारी भर्तियों में आयु सीमा में छूट और अतिरिक्त वेटेज देने का फैसला किया था। जनवरी के अंत में इसका आधिकारिक गजट भी प्रकाशित किया जा चुका है। लेकिन, इस नीति को लागू करने को लेकर शासन और लोक सेवा आयोग के बीच कुछ बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है, जिसके कारण विज्ञापनों को होल्ड पर रखा गया है।
मुख्य परीक्षा का पेंच
शासन के आदेश के मुताबिक, सीएम फेलोशिप धारकों को ‘मुख्य परीक्षा’ में आयु सीमा में छूट और वेटेज दिया जाना है। लेकिन पेंच यह है कि लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली कई सीधी भर्तियों में मुख्य परीक्षा का कोई प्रावधान ही नहीं होता है, वे केवल इंटरव्यू या सिंगल स्टेज परीक्षा के आधार पर होती हैं। ऐसे में उन भर्तियों में यह लाभ कैसे दिया जाए, इस पर असमंजस है। फेलोशिप का लाभ लेने के लिए जमा किए जाने वाले सर्टिफिकेट के फॉर्मेट की भाषा क्या होगी, इस पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है।
बाहरी राज्यों का कोटा
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या उत्तर प्रदेश से बाहर (अन्य राज्यों) के जिन युवाओं ने इस फेलोशिप में काम किया है, उन्हें भी यह लाभ दिया जाएगा या नहीं? इस पर आयोग ने शासन से लिखित मार्गदर्शन मांगा है।
तकरीबन तीन महीने लेट हुई पीसीएस 2026 भर्ती
भर्ती के नियमों में संशोधन के कारण पीसीएस 2026 का विज्ञापन तकरीबन तीन महीने लेट हो गया है। हर साल जनवरी-फरवरी में विज्ञापन जारी हो जाता है लेकिन इस साल साढ़े चार महीना बीतने के बावजूद लाखों युवाओं का इंतजार खत्म नहीं हो सका है। इसी प्रकार आरओ/एआरओ का विज्ञापन भी फंसा हुआ है। आयोग को उत्तर प्रदेश सचिवालय से समीक्षा अधिकारी के 92 पद व सहायक समीक्षा अधिकारी के 267 कुल 359 पदों के साथ राजस्व परिषद से आरओ/एआरओ के 69 पदों का अधियाचन मिल चुका है। इससे पहले 2023 में 419 पदों के लिए जारी विज्ञापन में आयोग के इतिहास में किसी भर्ती में सर्वाधिक 1076004 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।




साइन इन