UP Constable Exam: यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा कल, 30 मिनट पहले बंद होंगे गेट, कड़ा ड्रेस कोड लागू; जानें गाइडलाइंस
UP Police Constable Exam Rules, Guidelines : यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें, गेट 30 मिनट पहले बंद होगा। एडमिट कार्ड, ओरिजनल आईडी और काला/नीला बॉलपेन लाना न भूलें। नियमों की अनदेखी पर नहीं मिलेगी एंट्री।

UP Police Constable Exam Rules, Guidelines : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित की जाने वाली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 में अब बहुत कम समय बचा है। इस परीक्षा में राज्य के लाखों युवा अपनी किस्मत आजमाने और खाकी पहनने का सपना पूरा करने के लिए मैदान में उतरने वाले हैं। परीक्षा के दिन किसी भी तरह की हड़बड़ी या परेशानी से बचने के लिए बोर्ड ने उम्मीदवारों के लिए बेहद जरूरी ‘एग्जाम डे गाइडलाइंस’ जारी की हैं। यदि आप भी इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, तो इन नियमों को उंगलियों पर रट लीजिए, क्योंकि नियमों की अनदेखी करने पर आपको परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं मिलेगी।
रिपोर्टिंग टाइम का रखें खास ख्याल: देर की तो बंद हो जाएगा गेट
परीक्षा के दिन सबसे महत्वपूर्ण बात टाइम मैनेजमेंट है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग समय के अनुसार ही केंद्र पर पहुंचना होगा। यूपी पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन 8 जून, 9 जून और 10 जून 2026 को किया जाएगा। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का आयोजन दो शिफ्टों में किया जाएगा। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। सुबह की शिफ्ट के उम्मीदवारों को अपने आवंटित परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे से लेकर 9:30 बजे तक पहुंचाना होगा।
दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। दोपहर की शिफ्ट के उम्मीदवारों को अपने आवंटित परीक्षा केंद्र पर दोपहर 1 बजे से लेकर 2:30 बजे तक पहुंचाना होगा।
एडमिट कार्ड के साथ ये डॉक्यूमेंट लाना है अनिवार्य
परीक्षा हॉल में प्रवेश पाने के लिए आपके पास सही डॉक्यूमेंट होने चाहिए। घर से निकलने से पहले अपनी फाइल में इन चीजों को जरूर चेक कर लें:
एडमिट कार्ड : बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया गया एडमिट कार्ड, जिस पर आपकी फोटो और डिटेल्स साफ नजर आ रहा हो।
ओरिजनल फोटो आईडी कार्ड: एक वैलिड सरकारी पहचान पत्र जैसे कि आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी कार्ड। ध्यान रहे, आईडी प्रूफ की केवल ओरिजिनल कॉपी ही मान्य होगी, फोटोकॉपी या मोबाइल में दिखाया गया स्क्रीनशॉट नहीं चलेगा।
पासपोर्ट साइज फोटो: अपनी दो नई पासपोर्ट साइज रंगीन फोटोग्राफ भी साथ रखें, जिनकी जरूरत अटेंडेंस शीट पर पड़ सकती है।
पेन और ड्रेस कोड: क्या ले जाएं और क्या नहीं?
परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर (OMR) शीट पर होगी, इसलिए उम्मीदवारों को केवल काला या नीला बॉलपॉइंट पेन ही अपने साथ ले जाने की अनुमति होगी। पेंसिल, जेल पेन या इंक पेन का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है।
इसके अलावा, परीक्षा में किसी भी तरह की नकल रोकने के लिए कड़ा ड्रेस कोड लागू किया गया है:
क्या न पहनें: बड़े बटन वाले कपड़े, भारी आभूषण (अंगूठी, चेन, कान के झुमके), और मोटे तलवे वाले जूते या सैंडल पहनकर आने से बचें। साधारण और ढीले-ढाले कपड़े पहनना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।
प्रतिबंधित वस्तुएं: मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, किसी भी तरह का कागज या चिट, बैग और वॉलेट को परीक्षा हॉल के बाहर ही रखना होगा। केंद्र पर इन्हें जमा करने की जिम्मेदारी आपकी खुद की होगी।
300 अंकों की परीक्षा का पैटर्न और समय
यूपी पुलिस कांस्टेबल की इस लिखित परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। यह पूरा प्रश्न पत्र कुल 300 अंकों का होगा, जिसे हल करने के लिए अभ्यर्थियों को पूरे 2 घंटे (120 मिनट) का समय दिया जाएगा। यह प्रश्न पत्र मुख्य रूप से चार बड़े विषयों (सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता और मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि एवं तार्किक क्षमता) पर आधारित होगा।
आपकी सालों की कड़ी मेहनत सिर्फ एक छोटी सी लापरवाही के कारण बेकार न जाए, इसलिए इन सभी गाइडलाइंस का पूरी ईमानदारी से पालन करें। सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा केंद्र पर जाएं और अपना बेस्ट प्रदर्शन करें।




साइन इन