UP Board Result kab aayega : क्या यूपी बोर्ड 10वीं 12वीं रिजल्ट में होगी देरी, कॉपी चेकिंग की डेडलाइन बढ़ी
यूपी बोर्ड की 10वीं 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित समय सीमा में पूरा नहीं हो सका। 1 अप्रैल इसकी अंतिम तिथि थी। बोर्ड ने मूल्यांकन अवधि को 4 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित समय सीमा में पूरा नहीं हो सका। 1 अप्रैल इसकी अंतिम तिथि थी। बोर्ड ने मूल्यांकन अवधि को 4 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। ईद व राम नवमी की छुट्टी होने के चलते मूल्यांकन कार्य में देरी हुई। मूल्यांकन कार्य में देरी के चलते परीक्षा परिणाम घोषित होने में भी देरी की आशंका जताई जा रही है। प्रदेश के 254 मूल्यांकन केंद्रों में से अब तक 117 केंद्रों पर मूल्यांकन का कार्य पूरा हो चुका है। करीब 80 प्रतिशत कॉपियों का मूल्यांकन संपन्न हो गया है, जबकि शेष कॉपियों की जांच 4 अप्रैल तक पूरी होने की उम्मीद है।
मंगलवार को 192 केंद्रों पर 47,804 परीक्षकों ने मूल्यांकन कार्य किया। इस दौरान हाईस्कूल की 5,80,800 और इंटरमीडिएट की 5,98,996 समेत कुल 11,79,796 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की गई। 30 मार्च को 17,56,851, 29 मार्च को 25,41,361 और 28 मार्च को 33,91,506 कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हो सकेगा, इसलिए इसे तीन से चार दिन आगे बढ़ाया गया है।
upmsp.edu.in पर आएगा परिणाम
यूपी बोर्ड 10वीं 12वीं का रिजल्ट अप्रैल अंत में जारी करने की योजना है। 20 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच यह कभी भी घोषित किया जा सकता है। विद्यार्थी यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकेंगे। इसके अलावा लाइव हिन्दुस्तान वेबसाइट www.livehindustan.com/career/results/up-board-result पर जाकर भी नतीजे चेक कर सकेंगे।
UPMSP UP Board 10th 12th Result 2026: कहां और कैसे चेक कर सकेंगे यूपी बोर्ड रिजल्ट
स्टेप 1: यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाएं।
स्टेप 2: होमपेज पर UP Board 10th Result 2026/UP Board 12th Result 2026 लिंक पर क्लिक करें।
स्टेप 3: यहां अपना रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करें।
स्टेप 4: स्क्रीन पर यूपी बोर्ड रिजल्ट खुल जाएगा।
स्टेप 5: इसे चेक और डाउनलोड करें।
स्टेप वाइज मार्किंग होगी, स्टूडेंट्स को फायदा होगा, पास होने के ज्यादा चांस
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यह साफ किया है कि अगर कोई छात्र पूरा सवाल सही हल नहीं कर पाता, लेकिन उसकी शुरुआत सही करता है, तो उसे निश्चित रूप से अंक मिलेंगे। इसे ही स्टेप-मार्किंग कहा जाता है। छात्र जितने ज्यादा स्टेप्स लिखेंगे, उन्हें उतने ही ज्यादा अंक मिलेंगे। इसके अलावा, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के पुराने तरीके को अब बंद कर दिया गया है।
सीबीएसई में भी गणित और विज्ञान विषयों में स्टेप मार्किंग लागू है। यदि छात्र ने सवाल हल करने की सही विधि अपनाई है लेकिन अंतिम उत्तर पूरी तरह सही नहीं है, तो भी परीक्षक सही स्टेप्स के लिए अंक देंगे। ऐसा ही नियम यूपी बोर्ड में अब लागू कर दिया गया है।
वाराणसी में इंटर आज तो हाईस्कूल की दो दिन में जंचेंगी कॉपियां
यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन बनारस के चार केंद्रों पर समय से पूरा कर लिया जाएगा। सोमवार तक हुए मूल्यांकन के बाद इंटरमीडिएट की कुल 1927 और हाईस्कूल की 30,392 कॉपियों की जांच शेष हैं। इंटर का मूल्यांकन मंगलवार तो हाईस्कूल की बुधवार तक पूरा कर लिया जाएगा। इस बीच मूल्यांकन तिथि बढ़ाने का कोई आदेश नहीं आया है।
18 मार्च से शुरू हुए मूल्यांकन में बनारस को हाईस्कूल की 3,46,405 और इंटरमीडिएट की 2,53,866 कॉपियां भेजी गई थीं। बीच में ईद की एक और रामनवमी की दो दिन की छुट्टी और परीक्षकों की अनुपस्थिति के कारण मूल्यांकन कार्य कुछ धीमा पड़ा। अधिकारियों को एकबारगी लगा कि एक अप्रैल की निर्धारित अवधि में मूल्यांकन पूरा नहीं हो पाएगा।




साइन इन