UP Board : पिता ने टीवी किया खराब, 18 घंटे पढ़ाई, बरेली की नंदिनी कैसे बनी यूपी बोर्ड 12वीं की 2nd टॉपर
कठोर अनुशासन, सोशल मीडिया से दूरी और स्कूल के शिक्षकों के मार्गदर्शन से बरेली की नंदिनी गुप्ता ने यूपी बोर्ड इंटर में दूसरी रैंक हासिल की है। वह नीट क्रैक कर डॉक्टर बनना चाहती हैं।

बरेली के आंवला तहसील क्षेत्र के भमोरा खेड़ा के सर्वोदय जनकल्याण इंटर कॉलेज की छात्रा नंदिनी गुप्ता ने यूपी बोर्ड इंटर रिजल्ट 2026 में प्रदेश की टॉप 10 सूची में 97.20 प्रतिशत अंक पाकर द्वितीय स्थान हासिल किया है। बरेली के टॉपरों की लिस्ट में उनका नाम पहले स्थान पर है। उनके पिता मोहन लाल गुप्ता सरदार नगर में हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। मां ममता देवी गृहिणी हैं। नंदिनी डॉक्टर बनकर देश सेवा करना चाहती हैं। नंदिनी अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ शिक्षकों को देती हैं।
बेटी नंदिनी की सफलता से गदगद पिता मोहनलाल गुप्ता ने कहा कि आज बहुत खुशी हो रही है। हमारे पांच बच्चे हैं और हम चाहते थे कि वे सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान दें। करीब 8 महीने पहले मैंने जानबूझकर घर का टीवी खराब कर दिया था ताकि बच्चे मोबाइल और मनोरंजन के चक्कर में न पड़ें। आज मेरी बेटी ने प्रदेश में दूसरा स्थान पाकर मेरी उस तपस्या का फल दे दिया है। मैं नंदिनी से कहता था कि उसे घर या बाहर के कोई अन्य काम करने की जरूरत नहीं है। वह सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान दे। रोज स्कूल भेजते थे। आगे की पढ़ाई के लिए जितना पैसा चाहिए होगा, लगाएंगे।
18 घंटे की कड़ी पढ़ाई
नंदिनी ने अपनी परीक्षा की तैयारी के लिए दिन-रात एक कर दिया और लगभग 18 घंटे तक पढ़ाई की। नंदिनी की मां ने बताया कि वह सुबह 4 बजे ही उठ जाती थी और स्कूल के बाद घर पर भी लगातार पढ़ाई करती थी। उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान मोबाइल और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। वह कहती हैं कि उनके माता-पिता ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और पढ़ाई के लिए घर में एक सकारात्मक माहौल प्रदान किया।
बाहरी कोचिंग के बजाय स्कूल पर भरोसा
नंदिनी ने बाहर की कोई ट्यूशन या प्राइवेट कोचिंग नहीं ली। सिर्फ स्कूल में एक्स्ट्रा क्लासेज का सहारा लिया। एक्स्ट्रा क्लासेज पर ही पूरा भरोसा जताया। नंदिनी का स्कूल उनके घर से 6 से 7 किलोमीटर दूर था। वह रोजाना यह सफर साइकिल से तय करती थीं। इस दौरान उन्हें भारी बारिश और कड़ाके की ठंड जैसी मौसम की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद वह रोज़ाना स्कूल जाती थीं।
नंदिनी के स्कूल के प्रबंधक हरिओम गुप्ता ने बताया कि हमारे स्कूल के बच्चों ने दूसरी, छठी, आठवीं और दसवीं रैंक हासिल की है। हम बच्चों को फ्री एक्स्ट्रा क्लास और कोचिंग देते हैं।
नंदिनी की मार्कशीट
किस सब्जेक्ट में मिले कितने मार्क्स
हिंदी-95
इंग्लिश-96
फिजिक्स-99
केमिस्ट्री-99
बायोलॉजी-97
एक ही स्कूल से निकले 10 टॉपर
बरेली का 'जनकल्याण सर्वोदय विद्यालय' इस बार सफलता का केंद्र बन गया है। इस अकेले स्कूल से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर कुल 10 छात्र-छात्राओं ने स्टेट टॉप-10 में जगह बनाई है। प्रदेश भर में यह संभवतः पहला स्कूल है जिसने एक साथ इतने टॉपर दिए हैं।




साइन इन