UP Board 10th 12th Exam: If money found in answer sheets action will be taken against invigilator, UPMSP order UP Board Exam : कॉपी से निकले नोट तो छात्र संग कक्ष निरीक्षक पर होगी कार्रवाई, यूपी बोर्ड ने दिए निर्देश, Career Hindi News - Hindustan
More

UP Board Exam : कॉपी से निकले नोट तो छात्र संग कक्ष निरीक्षक पर होगी कार्रवाई, यूपी बोर्ड ने दिए निर्देश

हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा को लेकर यूपी बोर्ड बेहद सख्त हो गया है। इस बार कॉपी से नोट निकले तो उसे नकल की सामग्री माना जाएगा और छात्र संग कक्ष निरीक्षक पर भी कार्रवाई होगी।

Sat, 14 Feb 2026 06:24 AMPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, मुख्य संवाददाता, प्रयागराज
share
UP Board Exam : कॉपी से निकले नोट तो छात्र संग कक्ष निरीक्षक पर होगी कार्रवाई, यूपी बोर्ड ने दिए निर्देश

18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट 2026 की परीक्षा में यदि उत्तरपुस्तिका में नोट निकलता है तो संबंधित छात्र के साथ ही कक्ष निरीक्षक पर भी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं। सचिव ने साफ किया है कि यदि किसी परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका में मुद्रा (धनराशि) प्राप्त होगी तो इसे अनुचित साधन सामग्री माना जाएगा और मूल्यांकन के समय इसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार के मामलों को ड्यूटी के समय लापरवाही मानते हुए कक्ष निरीक्षक के खिलाफ भी विभागीय नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

12 फरवरी को सभी डीआईओएस को भेजे पत्र में सचिव ने लिखा है कि बोर्ड परीक्षा की निष्पक्षता और गरिमा को बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन और मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मानक के अनुरूप हो। पूर्व के वर्षों में देखा गया है कि कुछ परीक्षार्थी अनजाने में या भ्रामक धारणाओं (अधिक नंबर के लालच में) में फंसकर उत्तर-पुस्तिकाओं के अंदर मुद्रा (धनराशि) नत्थी कर देते हैं। यह परीक्षा के अनुशासन के विरुद्ध है।

परीक्षा से पहले ही छात्रों को चेताना होगा

सचिव ने परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों को पूर्व में ही सूचित किया जाए कि उत्तर-पुस्तिका के अंदर किसी भी प्रकार की अवांछित सामग्री या मुद्रा रखना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। कक्ष निरीक्षकों को भी निर्देशित किया जाए कि वे इस पर सतर्क नजर रखें। यदि संकलन या मूल्यांकन के दौरान किसी उत्तर-पुस्तिका में नोट मिलते हैं, तो उसे तत्काल नियमानुसार राजकोष में जमा कराया जाए। ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल डीआईओएस को दी जाए ताकि उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत संबंधित के विरुद्ध उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा सके। सभी केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षक यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा का वातावरण भयमुक्त हो।

सारी तैयारियां अभी से पूर्ण करनेे के दिए निर्देश

माध्यमिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि यूपी बोर्ड परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति की सूचना परीक्षा केन्द्रवार जनपदीय कंट्रोल रूम में उपलब्ध करा दें। यह भी कहा है कि परीक्षा कार्य के लिए आवंटित अग्रिम धनराशि भी समय से संबंधितों को उपलब्ध करा दी जाए। शर्मा बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार की देर शाम जूम मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक कर रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी बोर्ड परीक्षा के इस नियम में छूट, 53 लाख में एक भी बच्चा रोका नहीं गया
ये भी पढ़ें:यूपी बोर्ड प्रैक्टिकल में हंगामा, फोटो वायरल; शिक्षकों से मारपीट पर रिपोर्ट तलब
ये भी पढ़ें:सख्त सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचे यूपी बोर्ड परीक्षा केप्रश्नपत्र

परीक्षा केंद्रों पर देर रात तक पहुंचे प्रश्नपत्र

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले के 333 केंद्रों पर शुक्रवार देर रात तक प्रश्नपत्र पहुंचाए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह की ओर से ट्रक में भेजे गए प्रश्नपत्रों को केंद्र व्यवस्थापक सुरक्षित रखवाने में जुटे रहे। इसी के साथ डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम की निगरानी भी शुरू कर दी गई है। डीआईओएस पीएन सिंह ने बताया कि कला विषय की कापियां अभी नहीं मिली हैं। कला की कॉपियां पहुंचते ही केंद्रों को भेज दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। केंद्रों की निगरानी के लिए शनिवार से आठ सचल दल निकलेंगे। स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी को लेकर मिली चार दर्जन से अधिक शिकायतों के परीक्षण के बाद आवश्यक संशोधन कर दिया गया है।

परीक्षाओं से पूर्व यू-ट्यूब मार्गदर्शन सत्र आज

18 फरवरी से शुरू होने जा रही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत यूपी बोर्ड की तरफ से 14 फरवरी को सुबह 10:30 बजे राज्य स्तरीय ऑनलाइन यू-ट्यूब सत्र आयोजित किया जाएगा। अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा की जाएगी। सत्र का लाइव प्रसारण यू-ट्यूब लिंक https://www.youtube.com/live/p4Gk7fdS5xY के माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रदेश भर के विद्यार्थी सीधे जुड़ सकेंगे।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।