TET : बिना टीईटी पास कराए छोड़ेंगे नहीं, युवा टीचरों ने साथियों की नौकरी बचाने के लिए शुरू किया मिशन टेट
टीईटी अनिवार्यता से यूपी के 1.85 लाख समेत देशभर के करीब 25 लाख शिक्षकों की नौकरी पर संकट मंडरा रहा है, ऐसे में युवा शिक्षकों ने फ्री ऑनलाइन तैयारी अभियान शुरू किया है। इससे कई पास भी हो चुके हैं।

शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता के कारण यूपी के 1.85 लाख समेत देश के करीब 25 लाख शिक्षकों की नौकरी पर तलवार लटक गई है। ऐसे समय में उत्तर प्रदेश में कुछ युवा शिक्षक, जो स्वयं टीईटी पास कर शिक्षक बने हैं, अपने साथियों को इस संकट की घड़ी से उबारने के लिए आगे आए हैं। ‘बिना पास कराए छोड़ेंगे नहीं’ के संकल्प के साथ शुरू किया गया उनका अभियान अब उन शिक्षकों के लिए उम्मीद की किरण बन गया है, जो अब तक टेट नहीं निकाल सके हैं। करीब छह माह पहले व्हाट्सएप पर एक समूह से शुरू हुआ यह निःशुल्क तैयारी अभियान अब 10 समूहों तक पहुंच चुका है। इन समूहों में 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी जुड़े हैं। गोरखपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के शिक्षक इसका लाभ उठा रहे हैं।
अभियान का सबसे अधिक लाभ उन शिक्षकों को मिल रहा है जो उम्र के अधिक पड़ाव पर हैं और किसी कोचिंग संस्थान में जाकर पढ़ाई करने में संकोच या असुविधा महसूस करते हैं। ऐसे शिक्षक अब घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से नियमित तैयारी कर रहे हैं।
ऑनलाइन क्विज तथा 100 प्रश्नों का मॉक टेस्ट
समूहों में प्रतिदिन ऑनलाइन क्विज तथा 100 प्रश्नों का मॉक टेस्ट कराया जाता है। उत्तर देने के साथ ही अभ्यर्थियों को सही और गलत जवाब की जानकारी मिल जाती है। प्रत्येक प्रश्न के साथ उसका विस्तृत विश्लेषण भी उपलब्ध कराया जाता है। समूहों की नियमित मॉनिटरिंग की जाती है।- अमरेंद्र प्रताप शाही, प्राथमिक विद्यालय देवड़ार खुर्द
पिछले टेट में बड़ी संख्या में शिक्षक लाभान्वित
पूरे सप्ताह समूहों में विषयवार अध्ययन सामग्री, पीडीएफ नोट्स, वीडियो लेक्चर, प्रश्न बैंक और मॉडल प्रश्नपत्र नियमित रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। निर्धारित दिनों में हिंदी, संस्कृत, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान सहित अन्य विषयों की तैयारी कराई जाती है। पिछले टेट में बड़ी संख्या में शिक्षक लाभान्वित भी हुए हैं।- पंकज कुमार, प्राथमिक विद्यालय, ब्रह्मपुर
अभियान में यह कर रहे विशेष सहयोग
अभियान का संचालन प्राथमिक विद्यालय ब्रह्मपुर के शिक्षक पंकज कुमार, प्राथमिक विद्यालय देवड़ार खुर्द के शिक्षक अमरेंद्र प्रताप शाही, शिक्षक अरुण सिंह और अश्वनी सिंह कर रहे हैं।




साइन इन