SSC MTS Exam : यूपी व बिहार में करीब आधे अभ्यर्थियों ने छोड़ी एमटीएस हवलदार भर्ती परीक्षा, देखें कहां कितने बैठे
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) मध्य क्षेत्र कार्यालय की ओर से उत्तर प्रदेश और बिहार के 16 शहरों में 510032 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2,64,366 (51.83 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 2,45,666 अनुपस्थित रहे।

केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में मल्टी टॉस्किंग स्टाफ (एमटीएस) और सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एवं सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीआईसी एवं सीबीएन) में हवलदार भर्ती 2025 के लिए पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा शुक्रवार को संपन्न हो गई। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) मध्य क्षेत्र कार्यालय की ओर से उत्तर प्रदेश और बिहार के 16 शहरों में 510032 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2,64,366 (51.83 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 2,45,666 अनुपस्थित रहे। एसएससी मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव के अनुसार यूपी में पंजीकृत 315748 अभ्यर्थियों में से 152925 (48.43 फीसदी) उपस्थित रहे, जबकि बिहार में पंजीकृत 194284 अभ्यर्थियों में से 111441 (57.36 प्रतिशत) उपस्थित रहे।
वाराणसी में सर्वाधिक उपस्थिति
इस परीक्षा में उत्तर प्रदेश में वाराणसी 60.21 प्रतिशत, बिहार में भागलपुर में 60.90 फीसदी सर्वाधिक उपस्थिति रही। आगरा में 6274 अभ्यर्थियों में से 3105 (49.49%), बरेली 14862 में 7116 (47.88%), प्रयागराज 47303 में 26636 (56.31%), गोरखपुर 39529 में 20516 (51.90%) अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
एसएससी एमटीएस हवलदार भर्ती 2025 के कितनी वैकेंसी
एसएससी एमटीएस हवलदार भर्ती 2025 के जरिए 7948 रिक्त पदों पर भर्ती होगी। केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में मल्टी टॉस्किंग स्टाफ (एमटीएस) के 6810 और सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एवं सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीआईसी एवं सीबीएन) में हवलदार के 1138 यानी कुल 7948 रिक्त पदों पर भर्ती होगी।
एमटीएस वैकेंसी (आयु वर्ग 18-25)
- सामान्य (UR) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) श्रेणियों में है, जिनकी संख्या क्रमशः 2,859 और 1,486 है।
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 596 रिक्तियां हैं।
- अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए क्रमशः 665 और 472 रिक्तियां हैं।
- भूतपूर्व सैनिक (ESM) के लिए कुल 554 रिक्तियां हैं, और दिव्यांग व्यक्तियों (PwD) के लिए विभिन्न उप-श्रेणियों में कुल 197 रिक्तियां हैं।
एमटीएस भर्ती के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में चपरासी, चौकीदार, जमादार, माली, गेटकीपर आदि पदों पर भर्ती होती है। इसके साथ केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) एवं केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) में हवलदार के पदों पर भर्ती की जाएगी।
इस एमटीएस और हवलदार भर्ती के लिए देश भर से 3617245 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था।
एमटीएस भर्ती क्यों है कमजोर मैथ्स वालों के लिए सरकारी नौकरी पाने का बढ़िया मौका
एसएससी एमटीएस भर्ती सरकार नौकरी पाने का सपना देख रहे उन अभ्यर्थियों के लिए शानदार मौका होता है जिनका मैथ्स व रीजनिंग कमजोर है। दरअसल यह परीक्षा दो सेशन में होती है। दोनों सेशन एक ही दिन में आयोजित होते हैं। पहला सेशन न्यूमेरिकल एंड मैथमेटिकल एबिलिटी और रीजनिंग एबिलिटी व प्रोब्लम सोल्विंग का होगा। रीजनिंग और मैथ्स दोंनों में 60-60 अंक के 20-20 प्रश्न पूछे जाएंगे। यानी रीजनिंग मैथ्स से कुल 40 प्रश्न आएंगे। सेशन-1 सिर्फ क्वालिफाइंग होगा। जनरल कैटेगरी के अभ्यर्थियों को इसमें सिर्फ 30 फीसदी अंक लाने होंगे यानी उन्हें 40 में सिर्फ 12 सवाल सही करने होंगे। ओबीसी व ईडब्ल्यूएस को 10 व एससी एसटी को 8 प्रश्न ही हल करने होंगे। इस सेशन में नेगेटिव मार्किंग भी नहीं होगी। फाइनल मेरिट के निर्धारण में सेशन-1 के मार्क्स नहीं जुड़ेंगे। यही वजह है कि मैथ्स व रीजनिंग में कमजोर अभ्यर्थियों के लिए एमटीएस भर्ती की लिखित परीक्षा क्रैक करना आसान है।




साइन इन