RRB : रेलवे में 19000 से ज्यादा SC, ST, OBC पदों के लिए नहीं मिले योग्य अभ्यर्थी
पिछले वर्ष हुई भर्ती में रेलवे को 19884 पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी ही नहीं मिल सके, जिस वजह से इन पदों पर चयन नहीं हो सका। रिक्त रह गए पदों में ओबीसी, एससी, एसटी के साथ ही दिव्यांगों के लिए आरक्षित पद भी शामिल हैं।

रेलवे में आरक्षित वर्ग के पदों पर भर्ती को लेकर चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। पिछले वर्ष हुई भर्ती में रेलवे को 19884 पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी ही नहीं मिल सके, जिस वजह से इन पदों पर चयन नहीं हो सका। रेलवे की ओर से हाल में जारी की गई पिछले वर्ष की बैकलॉग रिपोर्ट में रिक्त रह गए पदों में ओबीसी, एससी, एसटी के साथ ही दिव्यांगों के लिए आरक्षित पद भी शामिल हैं। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में कुल 38,005 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चलाई गई थी, लेकिन इनमें से केवल 18,121 पदों पर ही नियुक्ति हो सकी। शेष पद विभिन्न कारणों से खाली रह गए, जिनमें पात्र अभ्यर्थियों की कमी प्रमुख वजह बताई गई है।
एससी के लिए आरक्षित सर्वाधिक 6640 पद खाली रह गए तो ओबीसी के 6459, एसटी के 5730 पदों पर चयन नहीं हो सका। नई चयन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैकलॉग पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे
रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट के 11127 पदों पर होगी भर्ती
रेल मंत्रालय ने वर्ष 2026 में सहायक लोको पायलट (एएलपी) के 11127 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी है। 21 फरवरी को मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक रेलवे बोर्ड ने जोनवार रिक्तियों का ब्योरा जारी कर दिया है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे में 457 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को अवसर मिलेगा। मुजफ्फरपुर, पटना और रांची रेलवे भर्ती बोर्ड के लिए 700 पदों पर भर्ती की जाएगी। पूर्व तटीय में सर्वाधिक 1625 और पूर्वोत्तर रेलवे में सबसे कम 105 पदों के लिए बहाली प्रक्रिया होगी। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 के लिए भारतीय रेलवे स्तर पर भर्ती का वार्षिक कैलेंडर भी जारी कर दिया है। भर्ती की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए नौ रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) को नोडल नामित किया है। बोर्ड के कार्यकारी निदेशक सभी जोन के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
रेलवे में ग्रुप डी की 21997 भर्ती, 2 मार्च है अंतिम तिथि
वहीं रेलवे में ग्रुप डी के 21997 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 31 जनवरी से जारी है। 10वीं पास युवा www.rrbapply.gov.in पर जाकर 2 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जमा किए गए आवेदन के लिए फीस भरने की आखिरी तारीख 04 मार्च 2026 है। आवेदन पत्र में करेक्शन करने की विंडो 05 मार्च से 14 मार्च 2026 के बीच खुलेगी।




साइन इन