RRB Exam : यूपी में रेलवे भर्ती परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़ा बिहार का युवक, हाथ पर लिखे थे फार्मूले
रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से आयोजित टेक्नीशियन भर्ती परीक्षा में गोरखपुर से एक नकलची को पकड़ा गया है। यह बिहार का है। इसके हाथ पर मैथ्स व साइंस के फॉर्मूले लिखे मिले हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से आयोजित टेक्निकल ग्रेड-3 परीक्षा के दौरान गोरखपुर के एक सेंटर से नकलची दबोचा गया। अभ्यर्थी ने अपने हाथ पर मैथ्स और साइंस का फार्मूला लिखा था। संदेह होने पर कक्ष निरीक्षक ने उसकी जांच की। रेलवे आब्जर्वर विटेलियस बेक की तहरीर पर चिलुआताल थाने में मंगलवार शाम बिहार के मधुबनी जिले के फलपरास क्षेत्र के महादेव निवासी अभ्यर्थी राजन प्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, भारतीय रेलवे में विभिन्न ट्रेडों (फिटर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर) में तकनीशियनों की भर्ती के लिए आरआरबी टेक्निकल ग्रेड तीन की परीक्षा विभिन्न तिथियों 6, 9, 10 और 13 को आयोजित की जा रही है। यह 100 अंकों की ऑनलाइन (सीबीटी) परीक्षा है। यह परीक्षा मुख्य रूप से गणित, रीजनिंग, सामान्य विज्ञान और जागरूकता पर आधारित है जिसमें नेगेटिव मार्किंग (1/3) होती है। ऑब्जर्वर ने तहरीर देते हुए बताया कि मंगलवार को गोरखपुर के फर्टिलाइजर स्थित एक सेंटर पर दूसरी पाली की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान लैब-2 में डयूटी पर तैनात कक्ष निरीक्षक अफसाना ने अभ्यर्थी राजन प्रकाश पर शक हुआ। संदिग्ध लगने पर कक्ष निरीक्षक ने पकड़कर उसकी तलाशी शुरू की।
जांच के दौरान पाया गया कि अभ्यर्थी ने बाएं हाथ पर कुछ लिखा हुआ था। पढ़ने पर पता चला कि मैथ्स और साइंस का फार्मूला है। इस बारे में जब अभ्यर्थी से पूछताछ की गई तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। कक्ष निरीक्षक ने तत्काल इसकी सूचना वीसीओ नितिन पांडेय को दी। रेलवे आब्जर्वर विटेलियस बेक के माध्यम से रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड गोरखपुर को इस बारे में अवगत कराया गया। रेलवे भर्ती बोर्ड गोरखपुर ने अभ्यर्थी के खिलाफ एफआईआर कराने का निर्देश दिया।
अभ्यर्थी से पूछताछ कर रही है पुलिस
इसके बाद रेलवे आब्जर्वर ने चिलुआताल थाने जाकर एफआईआर दर्ज कराई। अभ्यर्थी को भी कानूनी कार्रवाई के लिए चिलुआताल पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि आब्जर्वर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अभ्यर्थी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आपको बता दें कि रेलवे टेक्नीशियन ग्रेड-I सिग्नल और टेक्नीशियन ग्रेड-III के सीबीटी एग्जाम 6 मार्च, 9 मार्च, 10 मार्च और 13 मार्च, 2026 को प्रस्तावित हैं। इस भर्ती से टेक्नीशियन ग्रेड-I सिग्नल के 183 पदों और टेक्नीशियन ग्रेड-III के 6055 पदों पर भर्ती होगी। टेक्नीशियन ग्रेड-I लेवल-5 का पद है और टेक्नीशियन ग्रेड-III लेवल-2 का पद है।
चयन - लिखित परीक्षा (सीबीटी), मेडिकल टेस्ट व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन । सीबीटी में नेगेटिव मार्किंग होगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई अंक काटा जाएगा।




साइन इन