RPSC Special Teacher Recruitment 2026: स्पेशल टीचर पदों पर निकली भर्ती, 1 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
RPSC Special Teacher Recruitment 2026: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने स्पेशल टीचर भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के माध्यम से कुल 121 पदों पर उम्मीदवारों की नियुक्तियां की जाएंगी।

RPSC Special Teacher Recruitment 2026: राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं और विशेष शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), अजमेर ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रथम श्रेणी स्कूल लेक्चरर (स्पेशल एजुकेशन) भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 121 रिक्त पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 01 जून 2026 से शुरू होने जा रही है। आवेदन करने की अंतिम तिथि: 30 जून 2026 (रात 12:00 बजे तक)
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग (UR) और अन्य पिछड़ा वर्ग (क्रिमी लेयर) के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹600 तय किया गया है। वहीं, राजस्थान के मूल निवासी अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), ओबीसी (नॉन-क्रिमी लेयर), ईडब्ल्यूएस (EWS) और दिव्यांगजन (PwBD) उम्मीदवारों के लिए शुल्क ₹400 रखा गया है।
किन विषयों में होगी भर्ती और क्या है योग्यता?
यह भर्ती नियमित आधार पर कुल 6 मुख्य विषयों के लिए निकाली गई है, जिनमें अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और संगीत शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर (PG) की डिग्री होनी अनिवार्य है। इसके साथ ही, छात्र के पास बी.एड. (स्पेशल एजुकेशन) या सामान्य बी.एड. के साथ विशेष शिक्षा में 2 वर्षीय डिप्लोमा होना आवश्यक है।सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि अभ्यर्थी का परीक्षा की तिथि से पहले भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) में रजिस्टर्ड होना अनिवार्य है। इसके अलावा, उम्मीदवार को देवनागरी लिपि में हिंदी लेखन का व्यावहारिक ज्ञान और राजस्थानी संस्कृति की जानकारी होनी चाहिए।
आयु सीमा (01 जनवरी 2027 के अनुसार): आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। राजस्थान सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्गों (SC/ST/OBC/EWS पुरुष उम्मीदवारों को 5 वर्ष और महिला उम्मीदवारों को 10 वर्ष) को ऊपरी आयु सीमा में विशेष छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा का पैटर्न
इस स्थायी सरकारी नौकरी (Pay Matrix Level L-12) के लिए उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह लिखित प्रतियोगी परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा कुल 450 अंकों की होगी, जिसमें दो बहुविकल्पीय (MCQ) आधारित पेपर होंगे।
पेपर-1 (सामान्य अध्ययन) 150 अंकों का होगा, जिसके लिए 1 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा। पेपर-2 (संबंधित विषय एवं स्पेशल एजुकेशन) 300 अंकों का होगा, जिसके लिए 3 घंटे का समय दिया जाएगा। परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग की जाएगी। साथ ही, परीक्षा पास करने के लिए प्रत्येक पेपर में न्यूनतम 40% अंक (SC/ST के लिए 35%) लाना अनिवार्य होगा। इच्छुक उम्मीदवार 1 जून से आरपीएससी के आधिकारिक पोर्टल rpsc.rajasthan.gov.in या एसएसओ (SSO) पोर्टल के माध्यम से वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करके ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।




साइन इन