आधार सुपरवाइजर और ऑपरेटर की भर्ती, 10 मार्च तक करें आवेदन
CSC ई गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया ने आधार सुपरवाइजर और ऑपरेटर के 252 पदों पर भर्ती निकाली है। 12वीं, आईटीआई और डिप्लोमा पास उम्मीदवार 10 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सरकारी व्यवस्था से जुड़े काम में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। देशभर में आधार सेवाओं को मजबूत करने के लिए CSC e-Governance Services India Ltd. ने आधार सुपरवाइजर और ऑपरेटर के 252 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती डिजिटल सेवाओं को गांव गांव तक पहुंचाने के मिशन के तहत की जा रही है।
इस भर्ती में खास बात यह है कि इसमें 12वीं पास, आईटीआई या डिप्लोमा धारक उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। यानी कम शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं के लिए भी सरकारी सिस्टम से जुड़ने का अच्छा अवसर है।
कब से कब तक कर सकते हैं आवेदन
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 10 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
किन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत देश के विभिन्न जिलों में आधार सुपरवाइजर और ऑपरेटर के कुल 252 पद भरे जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों की तैनाती आधार सेवा केंद्रों पर की जाएगी, जहां वे नामांकन, अपडेट और संबंधित सेवाएं संभालेंगे।
शैक्षणिक योग्यता क्या मांगी गई है
उम्मीदवार के पास निम्न में से कोई एक योग्यता होना जरूरी है:
- 12वीं (इंटरमीडिएट) पास
- मैट्रिक के साथ 2 साल का आईटीआई
- मैट्रिक के साथ 3 साल का पॉलिटेक्निक डिप्लोमा
इसके साथ ही आधार ऑपरेटर या सुपरवाइजर का सर्टिफिकेट अनिवार्य है, जो UIDAI द्वारा अधिकृत एजेंसी से जारी होना चाहिए।
अन्य जरूरी योग्यताएं
उम्मीदवार को कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान होना चाहिए। संचार कौशल अच्छा होना चाहिए। जिस जिले के लिए आवेदन किया जा रहा है, वहां के स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिल सकती है।
आयु सीमा और वेतन
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष तय की गई है। चयनित उम्मीदवारों को संबंधित राज्य में अर्ध कुशल श्रमिकों के लिए निर्धारित न्यूनतम वेतन के अनुसार भुगतान किया जाएगा।
नौकरी का स्वरूप कैसा रहेगा
यह नियुक्ति प्रारंभ में एक वर्ष के अनुबंध पर आधारित होगी। कार्य प्रदर्शन और आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाने का निर्णय लिया जा सकता है।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी
उम्मीदवारों का चयन आवेदन और योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग से किया जाएगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन होगा। जरूरत पड़ने पर इंटरैक्शन या इंटरव्यू लिया जा सकता है। अंतिम चयन के बाद उम्मीदवारों को आधार सेवा केंद्रों पर तैनात किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार CSC के आधिकारिक करियर पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
- पहले रजिस्ट्रेशन या लॉगिन करना होगा।
- फिर “Aadhaar Supervisor/Operator” पद खोजकर पूरी जानकारी पढ़नी होगी।
- ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
- आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंट सुरक्षित रखना जरूरी है।
ऑफलाइन आवेदन की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए उम्मीदवारों को केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन करना होगा।




साइन इन