गर्मी ने बिगाड़ा बच्चों का रूटीन, पंजाब में बदला स्कूल टाइम; पटना में क्या हालात
भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच पंजाब सरकार ने स्कूलों का समय बदल दिया है। दिल्ली, पटना समेत कई राज्यों में बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए नए नियम लागू किए गए हैं।
उत्तर भारत में पड़ रही तेज गर्मी अब सिर्फ लोगों की सेहत ही नहीं, बच्चों की पढ़ाई पर भी असर डाल रही है। पंजाब से लेकर बिहार और दिल्ली तक कई राज्यों में स्कूलों के समय बदल दिए गए हैं ताकि बच्चे दोपहर की खतरनाक गर्मी से बच सकें। मौसम विभाग की लगातार चेतावनियों के बाद प्रशासन अब एहतियाती कदम उठाने में जुट गया है।
पंजाब सरकार ने बदला स्कूलों का समय
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 22 मई को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य के सभी स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही चलेंगे। यह नया समय 25 मई 2026 यानी सोमवार से लागू होगा। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी देते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि बच्चों को तेज धूप और लू से बचाया जा सके। सरकार ने साफ किया है कि यह नियम सभी कक्षाओं पर लागू होगा।
दिल्ली में बच्चों को बार-बार पानी पीने की सलाह
राजधानी दिल्ली में भी स्कूलों को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि हर 45 से 60 मिनट में घंटी बजाकर बच्चों को पानी पीने की याद दिलाई जाए। इसके अलावा सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आउटडोर गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। खेलकूद, असेंबली और धूप में होने वाले कार्यक्रम फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। स्कूलों को हीटवेव एक्शन प्लान के तहत पालन रिपोर्ट भी जमा करनी होगी।
पटना में छोटे बच्चों की क्लास बंद
पटना जिला प्रशासन ने भी गर्मी को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. त्यागराजन एस.एम. के आदेश के मुताबिक कक्षा 5 तक के छात्रों की पढ़ाई फिलहाल रोक दी गई है। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को सुबह 10:30 बजे के बाद स्कूल में रुकने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का यह आदेश 22 मई से 26 मई 2026 तक लागू रहेगा। यह फैसला भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत लिया गया है।
मौसम विभाग ने जारी किया हीटवेव अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी पहले ही दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य भारत के कई इलाकों में हीटवेव अलर्ट जारी कर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्म और सूखा मौसम जारी रह सकता है। लगातार बढ़ते तापमान की वजह से बच्चों में डिहाइड्रेशन, थकान और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ रहा है। यही वजह है कि कई राज्य या तो स्कूलों का समय बदल रहे हैं या फिर गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर रहे हैं।
स्कूलों में सुरक्षा पर बढ़ा फोकस
इस बार प्रशासन सिर्फ छुट्टियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूलों के अंदर भी सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं। बच्चों को ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचने की सलाह दी जा रही है। कई स्कूलों ने अभिभावकों को भी एडवाइजरी भेजी है कि बच्चे खाली पेट स्कूल न आएं और पानी की बोतल साथ लेकर जरूर आएं। डॉक्टर भी लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि दोपहर की तेज धूप बच्चों के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है।




साइन इन