Re-NEET परीक्षा को लेकर NTA अलर्ट, लॉन्च किया 'परीक्षा कर्मयोगी' प्रोग्राम
एनटीए ने परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए 'परीक्षा कर्मयोगी' ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया है। iGOT प्लेटफॉर्म पर 4 मॉड्यूल्स के इस कोर्स से इनविजिलेटर्स डिजिटल रूप से प्रशिक्षित होंगे।

नीट-यूजी (NEET UG) जैसी बड़ी राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं में हाल ही में सामने आईं गड़बड़ियों और पेपर लीक जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक नया मास्टरप्लान तैयार किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपनी परीक्षाओं की निगरानी और शुचिता को और अधिक मजबूत करने के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और आधुनिक कदम उठाया है। परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एनटीए ने 'परीक्षा कर्मयोगी: कैपेसिटी-बिल् बिल्डिंग प्रोग्राम फॉर एग्जामिनेशन ऑफिशियल्स' नामक एक खास डिजिटल ट्रेनिंग प्रोग्राम लॉन्च किया है। यह प्रोग्राम केंद्र सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म iGOT Karmayogi Bharat पर होस्ट किया गया है, जिसके जरिए परीक्षा ड्यूटी में लगने वाले स्टाफ को बेहद प्रोफेशनल तरीके से ऑनलाइन ट्रेन किया जाएगा।
किन्हें मिलेगा प्रशिक्षण और क्या है इसका मुख्य उद्देश्य?
यह डिजिटल ट्रेनिंग कोर्स मुख्य रूप से ऑफलाइन और पेन-एंड-पेपर आधारित परीक्षाओं के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है। यह कोर्स विशेष रूप से परीक्षा केंद्रों के सेंटर सुपरिटेंडेंट्स और इनविजिलेटर्स के लिए डिजाइन किया गया है, जो नीट यूजी (NEET UG) जैसी बड़ी राष्ट्रीय परीक्षाओं के सफल आयोजन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अक्सर देखा जाता है कि देश के विभिन्न केंद्रों पर नियमों की सही जानकारी न होने या लापरवाही के कारण गड़बड़ियां होती हैं। एनटीए का मानना है कि इस ट्रेनिंग से पूरे देश के परीक्षा केंद्रों पर काम करने के तौर-तरीकों में समानता आएगी। इस कोर्स की सबसे अच्छी बात यह है कि अधिकारी अपनी सुविधा के अनुसार कहीं से भी ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं और असेसमेंट टेस्ट पास करने के बाद उन्हें एक आधिकारिक सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
चार विशेष मॉड्यूल्स में बंटा है पूरा कोर्स
इस पूरे ट्रेनिंग प्रोग्राम को चार अलग-अलग मॉड्यूल्स में बांटा गया है, जो परीक्षा चक्र के हर चरण को कवर करते हैं:
मॉड्यूल 1 (परिचय और जिम्मेदारी): यह मॉड्यूल कोर्स का परिचय देता है और परीक्षा अधिकारियों को उनके महत्वपूर्ण रोल के बारे में बताता है कि कैसे उनकी सजगता परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता को बनाए रखती है।
मॉड्यूल 2 (परीक्षा से पहले की तैयारी): यह मॉड्यूल परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, केंद्र की तैयारी और एनटीए के कड़े स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के पूर्ण पालन पर केंद्रित है।
मॉड्यूल 3 (परीक्षा के दिन का संचालन): इसमें परीक्षा के दिन की गतिविधियों को चार महत्वपूर्ण चरणों में विस्तार से समझाया गया है— परीक्षा शुरू होने से पहले, परीक्षा की शुरुआत में, परीक्षा के दौरान और परीक्षा खत्म होने के बाद के कड़े नियम।
मॉड्यूल 4 (क्विक रेफरेंस गाइड): यह एक शॉर्ट गाइड है, जिसके जरिए ड्यूटी पर तैनात स्टाफ मुख्य नियमों, निर्देशों और अपनी जिम्मेदारियों को परीक्षा के दौरान तुरंत समझ सकता है।
लाखों छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए एनटीए का यह डिजिटल प्रयास परीक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत, उत्तरदायी और जवाबदेह बनाएगा।




साइन इन