NEET UG : नीट में बायोमैट्रिक फेल हुआ तो क्या होगा, परीक्षा दे सकेंगे या नहीं, NTA ने साफ किया नियम
NEET UG : एनटीए ने कहा है कि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा न हो पाने के बावजूद भी नीट यूजी उम्मीदवार को परीक्षा हॉल में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। ऐसे उम्मीदवारों को एक लिखित अंडरटेकिंग (घोषणा पत्र) जमा करना होगा।

NEET UG 2026 : नीट यूजी परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थी इस बात को लेकर परेशान थे कि अगर एग्जाम सेंटर पर उनका बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन फेल हो गया या किसी तकनीकी वजह से नहीं हो पाया तो क्या होगा, क्या उन्हें परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने इस संबंध में नोटिस जारी कर अभ्यर्थियों की टेंशन दूर कर दी है। एनटीए ने कहा है कि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा न हो पाने के बावजूद भी उम्मीदवार को परीक्षा हॉल में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। ऐसे उम्मीदवारों को एक लिखित अंडरटेकिंग (घोषणा पत्र) जमा करना होगा। इस अंडरटेकिंग का फॉर्मेट परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध करा दिया जाएगा।
एनटीए ने कहा कि अगर किसी उम्मीदवार का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन फेल हो जाता है (जैसे डिवाइस में खराबी, बायोमेट्रिक डेटा की खराब क्वालिटी, कनेक्टिविटी की समस्या या कोई शारीरिक अक्षमता), तो लिखित अंडरटेकिंग लेकर उम्मीदवार को एग्जाम देने दिया जाएगा। परीक्षा के समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक उम्मीदवारों को बायोमेट्रिक प्रक्रिया के लिए बिल्कुल भी परेशान नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि नीट यूजी परीक्षा के दिन तलाशी पूरी होने के बाद और परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने से पहले सभी उम्मीदवारों के लिए बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजरना अनिवार्य किया गया है।
22.79 लाख परीक्षार्थी 3 मई को देंगे नीट यूजी परीक्षा
नीट यूजी 2026 की परीक्षा अपने निर्धारित समय पर 3 मई 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। यह सिंगल शिफ्ट में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक ऑफलाइन (पेन और पेपर मोड) में होगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग समय का विशेष ध्यान रखें। केंद्र में प्रवेश की प्रक्रिया सुबह 11:00 बजे से ही शुरू हो जाएगी, और दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
नीट में क्या क्या बैन, एनटीए ने जारी की फोटो
एडमिट कार्ड के इंतजार के बीच एनटीए ने उन प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्वीरें जारी की है जो कि परीक्षा में प्रतिबंधित है। अगर कोई छात्र इन वस्तुओं के साथ पकड़ा जाता है, तो उसे अनफेयर मीन्स (UFM) के तहत बुक किया जा सकता है और परीक्षा से अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
फोटो में इन चीजों का जिक्र
1. इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स
मोबाइल फोन और टैबलेट
स्मार्टवॉच, डिजिटल घड़ियाँ या फिटनेस बैंड।
ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, माइक्रोफोन या पेजर।
कैमरा और किसी भी प्रकार का रिकॉर्डिंग डिवाइस।
कैलकुलेटर और स्टोरेज डिवाइस जैसे पेन ड्राइव।
2. स्टेशनरी और अन्य सामग्री
किताबें, नोट्स या कागज के टुकड़े।
ज्यामिति या पेंसिल बॉक्स।
किसी भी प्रकार का लॉग टेबल या इलेक्ट्रॉनिक पेन/स्कैनर।
3. व्यक्तिगत वस्तुएं और एक्सेसरीज
वॉलेट (बटुआ) या हैंडबैग।
बेल्ट, टोपी और बड़े बटन वाले कपड़े।
गहने: जैसे गले का हार, अंगूठी, झुमके या कंगन।
चश्मा: सनग्लासेस (धूप के चश्मे) की अनुमति नहीं है (नजर का चश्मा मान्य है)।
4. खाने-पीने की चीजें
किसी भी प्रकार का खुला या पैक किया हुआ खाना।
कोल्ड ड्रिंक या पानी की बोतलें (आमतौर पर परीक्षा केंद्र द्वारा पारदर्शी पानी की बोतल की अनुमति दी जा सकती है, लेकिन नियमों को एडमिट कार्ड पर दोबारा चेक कर लेना चाहिए)।
ड्रेस कोड ( NEET Dress Code )
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दिन पहनावा बहुत ही साधारण होना चाहिए। ड्रेस कोड को लेकर नियम कुछ इस प्रकार हैं:
कपड़े: छात्रों को हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। ध्यान रहे कि कपड़ों में बड़े बटन, फूल, ब्रोच या बहुत अधिक डिजाइन नहीं होने चाहिए। पूरी बाजू वाली शर्ट या टी-शर्ट की अनुमति नहीं है; केवल आधी बाजू के कपड़े ही पहनें।
जूते-चप्पल: परीक्षा केंद्र के भीतर जूतों की अनुमति नहीं है। अभ्यर्थियों को साधारण चप्पल या कम हील वाले सैंडल पहनकर ही आना होगा। यदि आप जूते पहनकर जाते हैं, तो आपको उन्हें केंद्र के बाहर ही उतारना पड़ सकता है।
धार्मिक पहनावा: यदि कोई अभ्यर्थी अपनी धार्मिक परंपरा के अनुसार विशेष पोशाक (जैसे हिजाब या कृपाण) पहनकर आना चाहता है, तो उन्हें रिपोर्टिंग समय से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा ताकि उनकी गहन जांच की जा सके।




साइन इन