NEET UG Exam City : नीट यूजी छात्रों को सहूलियत, NTA ने दिया एग्जाम सिटी व एड्रेस बदलने का मौका
NEET UG Exam City : नीट यूजी रीएग्जाम 21 जून 2026 को होगा। नीट की नई तिथि के ऐलान के बाद एनटीए ने परीक्षा शहर चुनने और अपना वर्तमान पता बदलने की विंडो खोल दी है।

NEET UG Exam City : नीट यूजी रीएग्जाम 21 जून 2026 को होगा। नीट की नई तिथि के ऐलान के बाद एनटीए ने परीक्षा शहर चुनने और अपना वर्तमान पता बदलने की विंडो खोल दी है। 21 मई रात 11.50 बजे तक अभ्यर्थी अगर चाहें तो neet.nta.nic.in पर जाकर अपनी पहले चुनी गई एग्जाम सिटी को बदल सकते हैं। इस दौरान अभ्यर्थी रीएग्जाम के लिए अपनी पसंद का शहर चुन सकते हैं। जो उम्मीदवार इस सुविधा का उपयोग नहीं करेंगे, उनके लिए पहले चुना गया परीक्षा शहर ही मान्य रहेगा।
एनटीए ने साफ किया है कि केवल वर्तमान पता और परीक्षा शहर में बदलाव की अनुमति होगी। इसके अलावा किसी अन्य जानकारी में सुधार नहीं किया जाएगा। 21 मई के बाद किसी भी बदलाव का अनुरोध स्वीकार नहीं होगा। इस प्रक्रिया के लिए छात्रों से कोई फीस नहीं ली जाएगी।
एनटीए ने बताया कि परीक्षा शहर की सूचना और एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।
15 मिनट एक्स्ट्रा टाइम
एनटीए की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। इसमें परीक्षा से जुड़ी औपचारिकताओं का समय भी शामिल रहेगा। इसके लिए 15 मिनट एक्स्ट्रा टाइम मिलेगा। परीक्षा पहले की तरह पेन और पेपर मोड यानी ऑफलाइन माध्यम में आयोजित होगी।
अगले साल से OMR नहीं, कंप्यूटर पर होगी परीक्षा
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को कहा कि अगले साल से नीट परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन होगी। उनके मुताबिक, तकनीक के इस दौर में परीक्षा माफिया भी नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए परीक्षा सिस्टम को भी बदलना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ दोबारा परीक्षा कराना नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम को ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है। शिक्षा मंत्रालय और NTA अब ऐसी व्यवस्था तैयार कर रहे हैं जिसमें प्रश्नपत्र लीक होने की संभावना बेहद कम हो जाए।
सभी की फीस वापस की जाएगी
NTA ने यह पहले ही स्पष्ट किया है कि मई 2026 में जिन छात्रों ने NEET-UG परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन किया था, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। उनका पुराना रजिस्ट्रेशन ही री-एग्जाम के लिए मान्य रहेगा। दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाएगा। करीब 22 लाख विद्यार्थियों ने यह एग्जाम दिया था। जिन्होंने भी पहले नीट यूजी 2026 का फॉर्म भरा, वे सभी फिर से एग्जाम देंगे। इन सभी की फीस वापस की जाएगी।




साइन इन