बाजार में किताबों की कमी के बीच NCERT का बड़ा फैसला, कक्षा-9 की बुक्स पढ़ सकेंगे ऑनलाइन; जान लें कैसे
बाजार में प्रिंटेड एनसीईआरटी किताबों की कमी के बीच एनसीईआरटी ने बड़ा फैसला लिया है। एनसीईआरटी ने कक्षा-9 के छात्रों के लिए ये किताबें ऑनलाइन उपलब्ध करवा दी है। यहां से छात्र इन किताबों की सॉफ्ट कॉप को पढ़ सकते हैं।

पिछले कुछ दिनों से देश के अलग-अलग इलाकों से एनसीईआरटी किताबों की कमी की खबरें सामने आ रही थीं। इस दौरान अभिभावकों को उनके बच्चों की की पढ़ाई की चिंता बढ़ती जा रही थी। इन खबरों के बीच एनसीईआरटी ने छात्रों के हित में फैसला लेते हुए कक्षा-9 की एनसीईआरटी की सभी किताबों को ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिया है। अब ये छात्र एनसीईआरटी की वेबसाइट पर जाकर कक्षा-9 की किताबों का लाभ उठा सकते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। आइए जानते हैं कि छात्र किस तरह ऑनलाइन उपलब्ध इन किताबों का फायदा उठा सकते हैं।
कैसे पढ़ सकेंगे NCERT की ये किताबें
एनसीईआरटी से मिली जानकारी के अनुसार, बाजार में प्रिंटेड किताबों की अनुपलब्धता के कारण छात्रों का कोर्स भी प्रभावित हो रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए एनसीईआरटी ने किताबों की ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करवा दी है। इसके लिए छात्रों को एनसीईआरटी की ऑफीशियल वेबसाइट पर जाकर पढ़ना पड़ेगा। एनसीईआरटी ने कक्षा-9 की सभी किताबों को उनके टाइटल के साथ उपलब्ध करवाया है।
किस टाइटल से उपलब्ध हैं अलग-अलग सब्जेक्ट की किताबें
एनसीईआरटी की वेबसाइट पर उपलब्ध कक्षा-9 की किताबों का अलग-अलग कोड और उनके टाइटल हैं। संंस्कृत की किताब के लिए 0902 कोड और शारदा टाइटल है। इंग्लिश की किताब के लिए 0903 कोड है और टाइटल कावेरी नाम से है। इसके अलावा 0904 मैथमेटिक्स, गणित मंजरी टाइकल, 0906 कोड के साथ साइंस एक्सप्लोरेशन टाइटल, हिंदी 0901 कोड और गंगा टाइटल के साथ, 0902 कोड और जमुना टाइटल के साथ उर्दू की किताब भी उपलब्ध है।
हेल्पलाइन नंबर भी जारी
एनसीईआरटी ने छात्रों की सुविधा के लिए इन किताबों की सॉफ्ट कॉपी को किसी भी समय पढ़ने के लिए उपलब्ध करवाया है। एनसीईआरटी के अनुसार, छात्र इन किताबों को दिन या रात के किसी भी समय पढ़ सकते हैं। इन किताबों से संबंधित किसी भी समस्या के हल के लिए एनसीईआरटी ने एक आईवीआरएस नंबर भी जारी किया है, जो 8800440559 है।
छात्रों को अब भी परेशानी
एनसीईआरटी की वेबसाइट पर कक्षा-9 की किताबें उपलब्ध होने के बाद भी देश के कई इलाकों से छात्रों की शिकायतें आ रही हैं। छात्रों का कहना है कि कमजोर नेटवर्क की वजह से वो इन किताबों का फायदा नहीं उठा पा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि इंटरनेट की स्पीड धीमी होने का कारण पूरी किताब डाउनलोड करने में भी परेशानी हो रही है। बिहार के रहने वाले कक्षा-9 के एक छात्र ने बताया कि उन्हें किताबों के ऑनलाइन उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है, लेकिन धीमी इंटरनेट स्पीड के कारण वो इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।




साइन इन