MPBSE 12th Topper 2026: इंदौर की तन्वी कुमावत बनीं एमपी बोर्ड 12वीं साइंस की टॉपर, डॉक्टर बनने का है सपना
MP Board 12th Topper Success Story: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस बार इंदौर की छात्रा तन्वी कुमावत ने शानदार उपलब्धि हासिल कर प्रदेशभर में इतिहास रच दिया है।

MP Board 12th Science-Biology Topper Success Story : मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस बार इंदौर की छात्रा तन्वी कुमावत ने शानदार उपलब्धि हासिल कर प्रदेशभर में इतिहास रच दिया है। तन्वी ने 12वीं विज्ञान संकाय में 500 में से 492 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है।
तन्वी कुमावत मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की इस वर्ष की परीक्षा में प्रदेश की टॉपर बनी हैं। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे इंदौर शहर में खुशी का माहौल है।
हर विषय में डिस्टिंक्शन, पहले भी रह चुकी हैं टॉपर
तन्वी इंदौर के तीरथबाई कलाचंद स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने सभी विषयों में डिस्टिंक्शन प्राप्त किया है, जो उनकी निरंतर मेहनत और लगन को दर्शाता है। इससे पहले भी तन्वी 10वीं बोर्ड परीक्षा में अपने जिले में टॉप कर चुकी हैं, जिससे उनकी प्रतिभा पहले ही साबित हो चुकी थी।
डॉक्टर बनने का सपना, मेहनत से पाया मुकाम
तन्वी की नजरें शुरू से ही अपने भविष्य के लक्ष्य पर टिकी थीं। बचपन से ही उनका सपना एक सफल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने का रहा है। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने विज्ञान संकाय चुना और दिन-रात पढ़ाई की। वह भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर न्यूरोलॉजिस्ट या कार्डियोलॉजिस्ट बनना चाहती हैं। उनकी यह सफलता उनके डॉक्टर बनने की दिशा में एक बड़ा और मजबूत कदम है।
स्कूल में हुआ सम्मान, शिक्षकों ने जताया गर्व
रिजल्ट घोषित होने के बाद तन्वी अपने माता-पिता के साथ स्कूल पहुंचीं, जहां प्रिंसिपल और शिक्षकों ने उनका पुष्पगुच्छ और मिठाई देकर स्वागत किया। स्कूल की प्रिंसिपल अश्विनी शाजापुलकर ने बताया कि तन्वी शुरू से ही पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं।
सफलता का संदेश: लक्ष्य के प्रति समर्पण
तन्वी कुमावत की यह कहानी प्रदेश के उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है जो अपनी आंखों में बड़े सपने संजोए हुए हैं। तन्वी ने साबित कर दिया कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। इंदौर जैसे प्रतियोगी शहर में रहकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखना और फिर पूरे प्रदेश में अव्वल आना उनकी अद्वितीय एकाग्रता को दर्शाता है।
जानें कैसा रहा एमपी बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 2026
इस साल एमपी बोर्ड 12वीं परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च तक आयोजित हुई थी। कुल 6 लाख 89 हजार 746 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। नियमित छात्रों का पास प्रतिशत 76.01% रहा।जबकि स्वाध्यायी छात्रों का रिजल्ट 30.60% रहा। पिछले 16 सालों में यह सबसे बेहतर परिणाम बताया जा रहा है। छात्राओं ने एक बार फिर बाजी मारी है। छात्राओं का पास प्रतिशत 79.41% रहा, जबकि छात्रों का 72.39% रहा।




साइन इन