mpbse mp board 12th toppers list khushi rai chandani 2026 arts science commerce results MP Board 12th Toppers List 2026: खुशी राय और चांदनी ने मारी बाजी, देखें आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के टॉपर्स की पूरी लिस्ट, Career Hindi News - Hindustan
More

MP Board 12th Toppers List 2026: खुशी राय और चांदनी ने मारी बाजी, देखें आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के टॉपर्स की पूरी लिस्ट

MP Board 12th Toppers List 2026: एमपी बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 2026 घोषित हो गया है, जिसमें खुशी राय और चांदनी ने टॉप किया है। यहां आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के टॉपर्स की पूरी लिस्ट देखें।

Wed, 15 April 2026 01:55 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
share
MP Board 12th Toppers List 2026: खुशी राय और चांदनी ने मारी बाजी, देखें आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के टॉपर्स की पूरी लिस्ट

MP Board 12th Toppers List 2026: एमपी बोर्ड ने 12वीं क्लास के नतीजे जारी कर दिए हैं। देखें एमपी बोर्ड 12वीं के नतीजे। हर साल की तरह इस बार भी लाखों बच्चे अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। आज जैसे ही नतीजे ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव हुए, छात्रों और उनके परिवार वालों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में इन नतीजों का ऐलान किया। इस साल के परिणामों में एक बात जो सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली रही, वो है लड़कियों का शानदार और बेमिसाल प्रदर्शन। आर्ट्स हो, साइंस हो या फिर कॉमर्स, हर फील्ड में मेधावी छात्रों ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी सफल बच्चों को दिल से बधाई देते हुए कहा कि ये युवा ही कल के भारत का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जो बच्चे उम्मीद के मुताबिक नंबर नहीं ला पाए हैं, उन्हें बिल्कुल भी निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि एक परीक्षा की मार्कशीट कभी भी किसी इंसान की पूरी जिंदगी तय नहीं कर सकती।

ओवरऑल कॉमर्स की छात्राओं का जलवा

अगर हम पूरे सूबे की बात करें, तो इस बार खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने कमाल कर दिया है। इन दोनों ही छात्राओं ने टॉप पोजीशन हासिल करके न सिर्फ अपने माता-पिता का बल्कि पूरे भोपाल शहर का नाम रोशन किया है। भोपाल की रहने वाली इन दोनों लड़कियों ने कॉमर्स स्ट्रीम में 500 में से 494 नंबर हासिल किए हैं, जो वाकई काबिले तारीफ है। इनके अलावा ग्वालियर के मनु शुक्ला, राजगढ़ की आर्ची माहेश्वरी और खुशबू पाटीदार ने 489 नंबर लाकर दूसरी रैंक अपने नाम की है। यह कामयाबी बताती है कि अगर लगन सच्ची हो और इंसान बिना तनाव के फोकस करे, तो कोई भी मुकाम हासिल करना नामुमकिन नहीं होता।

साइंस स्ट्रीम (मैथ्स और बायोलॉजी) में किसने मारी बाजी?

साइंस के छात्रों का सफर हमेशा से थोड़ा मुश्किल और चुनौतीपूर्ण माना जाता है, लेकिन इस बार के टॉपर्स ने साबित कर दिया है कि सही रणनीति से सब कुछ मुमकिन है। मैथमेटिक्स ग्रुप की अगर बात करें, तो सीहोर के श्लोक प्रजापति ने 493 अंकों के साथ पूरे प्रदेश में पहली रैंक हासिल की है। वहीं ग्वालियर की गौरी शर्मा, सतना की डॉली पुरवार और राजगढ़ के अर्जुन गुर्जर ने 491 अंकों के साथ दूसरी पोजीशन पर अपना कब्जा जमाया।

दूसरी तरफ, बायोलॉजी ग्रुप में इंदौर की तन्वी कुमावत ने 492 अंक लाकर पहला मुकाम पाया है। उमरिया के कार्तिक शर्मा 490 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। रीवा की प्रियांशी सिंह, भोपाल की अरीबा इमरान और बालाघाट की स्तुति जैन ने 489 नंबरों के साथ तीसरी रैंक साझा की है। इन बच्चों की इस बेहतरीन कामयाबी के पीछे उनके टीचर्स और परिवार वालों की भी अनगिनत कुर्बानियां और दुआएं शामिल हैं।

आर्ट्स, एग्रीकल्चर और फाइन आर्ट्स के सितारे

आर्ट्स यानी मानविकी स्ट्रीम की बात करें, तो यहां भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुरैना की श्रुति तोमर और छतरपुर के आकाश अहिरवार ने 489 अंक हासिल करके पहला मुकाम अपने नाम किया। इसके अलावा एग्रीकल्चर स्ट्रीम में शिवपुरी जिले का दबदबा रहा, जहां तुलसी राजावत और चंचल कुशवाहा ने 493 अंकों के शानदार स्कोर के साथ टॉप किया है। फाइन आर्ट्स और होम साइंस में छतरपुर की शाइस्ता कुरैशी (485 अंक) ने बाजी मारी है। इन सभी बच्चों की कहानियां इस बात का मजबूत सबूत हैं कि चाहे आप किसी भी बैकग्राउंड से आते हों, आपकी मेहनत कभी बेकार नहीं जाती।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।