MMMUT PhD Admission: एमएमएमयूटी पीएचडी प्रवेश के लिए बढ़ी आवेदन की तारीख; अब 15 जून तक करें अप्लाई
MMMUT PhD admission 2026: मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT), गोरखपुर ने पीएचडी कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है।

MMMUT PhD admission 2026: मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT), गोरखपुर ने पीएचडी कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब योग्य उम्मीदवार आगामी 15 जून 2026 तक अपना ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इससे पहले विश्वविद्यालय द्वारा आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 मई 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब छात्रों की मांग और सहूलियत को देखते हुए बढ़ा दिया गया है। इस बार विश्वविद्यालय कुल 132 सीटों पर शोधार्थियों को पीएचडी में एडमिशन देने जा रहा है।
साल में दो बार प्रवेश; फेलोशिप के साथ मिलेगा रिसर्च का मौका
एमएमएमयूटी में पीएचडी के लिए वर्ष में दो बार यानी जनवरी और जुलाई सत्र के तहत प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जाती है। इस जुलाई सत्र 2026 के लिए इंजीनियरिंग की विभिन्न शाखाओं, विज्ञान (गणित, भौतिकी व रसायन), मैनेजमेंट और ह्यूमैनिटीज सहित कुल 14 विषयों में रिसर्च के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
कुल 132 सीटों में से कुल 65 सीटें ऐसी हैं, जिनमें चयनित शोधार्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से मासिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। शेष 67 सीटें सेल्फ-फाइनेंस्ड और स्पॉन्सर्ड कैटेगरी के अंतर्गत रखी गई हैं।
क्या है शैक्षणिक योग्यता? बीटेक पास भी सीधे कर सकते हैं अप्लाई
जिन अभ्यर्थियों ने संबंधित विषय में मास्टर डिग्री (जैसे एमटेक, एमएससी, एमबीए आदि) पूरी कर ली है, उनके परास्नातक में न्यूनतम 55 प्रतिशत या उससे अधिक अंक होने अनिवार्य हैं। विश्वविद्यालय ने मेधावी बीटेक छात्रों को भी सीधा मौका दिया है। यदि किसी छात्र ने बीटेक में न्यूनतम 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक (या समकक्ष सीजीपीए) प्राप्त किए हैं, तो वे भी सीधे पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन करने के पात्र हैं।
जून में होगी शोध पात्रता परीक्षा, NET-JRF वालों को मिलेगा फायदा
प्रो. राजेश यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा जून 2026 के महीने में ‘शोध पात्रता परीक्षा’ आयोजित करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। इस प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर ही चयन होगा।
पीजी कोर्सेज के लिए 4 जून है अंतिम तिथि
पीएचडी के अलावा, एमएमएमयूटी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के विभिन्न पोस्ट- ग्रेजुएट (PG) कोर्सेज में भी दाखिले की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज में आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 जून 2026 तय की गई है।
एडमिशन से संबंधित किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी, गाइडलाइंस, फीस स्ट्रक्चर और चॉइस लॉकिंग की प्रक्रिया को जानने के लिए छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.mmmut.ac.in पर विजिट कर सकते हैं, जहां सभी विवरण उपलब्ध करा दिए गए हैं।




साइन इन