MBBS , NEET PG , FMGE : क्या एमबीबीएस 2022 बैच को देनी होगी NEXT परीक्षा, वायरल नोटिस पर आया NMC का बयान
MBBS , NEET PG , FMGE :: नेशनल मेडिकल कमिशन ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस नोटिस को पूरी तरफ फर्जी करार दिया जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि एमबीबीएस 2022 बैच के लिए नेक्स्ट ( NExT) परीक्षा को अनिवार्य कर दिया गया है।

MBBS , NEET PG , FMGE : नेशनल मेडिकल कमिशन ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस नोटिस को पूरी तरफ फर्जी करार दिया जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि एमबीबीएस 2022 बैच के लिए नेक्स्ट ( NExT) परीक्षा को अनिवार्य कर दिया गया है। एनएमसी ने इस वायरल नोटिस का खंडन करते हए कहा कि यह सूचना पूरी तरह से फेक है और इसे बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने सभी विद्यार्थियों और संस्थानों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट www.nmc.org.in पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें।
कब होगी नेक्स्ट परीक्षा
एनएमसी ने अक्टूबर 2025 में कहा कि मेडिकल ग्रेजुएट्स के लिए नेशनल एग्जिट टेस्ट (नेक्स्ट परीक्षा - NExT) को तुरंत लागू नहीं किया जाएगा। अगले 3-4 सालों तक एनएमसी मॉक टेस्ट कराने की योजना बना रहा है। इसका पूरा खर्च एनएमसी उठाएगा। मॉक टेस्ट से चेक किया जाएगा कि नेक्स्ट एग्जाम कराना कितना प्रैक्टिकल है। साथ ही विद्यार्थियों और संस्थानों से फीडबैक इकट्ठा किया जाएगा।
जानें क्या है नेक्स्ट परीक्षा, कैसे इसमें मर्ज हो जाएंगी तीन परीक्षाएं
नेशनल एग्जिट टेस्ट (नेक्स्ट) शुरू होने के बाद एमबीबीएस छात्रों को फाइनल ईयर की परीक्षा नहीं देनी होगी। उन्हें नेक्स्ट परीक्षा में बैठना होगा। इसी टेस्ट की मेरिट के आधार पर पीजी में प्रवेश के लिए भी मेरिट बनेगी। यानी नीट पीजी ( NEET PG ) की जरूरत नहीं रहेगी। नीट पीजी को खत्म कर दिया जाएगा। तीसरे जो छात्र विदेशों से मेडिकल की डिग्री लेकर आते हैं, उन्हें अभी अलग से एक टेस्ट ( FMGE - फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स एग्जामिनेशन ) पास करना होता है, लेकिन भविष्य में उन्हें भी नेक्स्ट में ही बैठना होगा। विदेश से एमबीबीएस करने वाले छात्रों को FMGE परीक्षा की जगह भारतीय एमबीबीएस छात्रों के साथ नेक्स्ट परीक्षा देनी होगी। इस प्रकार कुल तीन परीक्षाएं नेक्स्ट में समाहित हो जाएंगी।
क्या था साल 2022 में आए नेक्स्ट के ड्राफ्ट में
नेक्स्ट दो अलग अलग चरणों में आयोजित किया जाएगा जिन्हें स्टेप्स कहा जाएगा। नेक्स्ट स्टेप - 1 में मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन पूछे जाएंगे। यह थ्योरिटिकल होगा। यह सीबीटी ऑनलाइन मोड में होगा। वहीं नेक्स्ट-2 के आयोजन में प्रैक्टिकल/ क्लिनिकल सवाल आएंगे। यह वायवा वोस एग्जाम होगा।
- ड्राफ्ट के मुताबिक नेक्स्ट-1 में स्टूडेंट्स को कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। इसके बाद ही छात्र देश में प्रैक्टिस और पीजी एंट्रेंस के लिए पात्र होंगे। इसके साथ ही छात्रों को नेक्स्ट 2 भी क्लियर करना होगा।
साल में एक बार यह परीक्षा आयोजित होगी। नेक्स्ट-1 और नेक्स्ट-2 में अटेम्प्ट की सीमा तय नहीं की गई है। नेक्स्ट-1 का आयोजन दिसंबर के पहले सप्ताह में होगा और परिणाम जनवरी के दूसरे सप्ताह में जारी कर दिया जाएगा। इसी प्रकार नेक्स्ट-2 का आयोजन मार्च के दूसरे सप्ताह में होगा और इसका परिणाम अप्रैल के पहले हफ्ते में घोषित कर दिया जाएगा।




साइन इन