JSSC : झारखंड जेल वार्डर भर्ती प्रक्रिया पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक, आयु सीमा की गणना तिथि बदलने की मांग
झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य की जेलों में 1733 पदों पर होने वाली जेल वार्डर भर्ती प्रक्रिया पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि अधिकतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2025 से की गई है, जो नियमों के विपरीत है।

झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य की जेलों में 1733 पदों पर होने वाली कक्षपाल भर्ती प्रक्रिया पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने मुमताज अंसारी व अन्य की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए गुरुवार को यह अंतरिम आदेश जारी किया। सुनवाई के दौरान अदालत ने प्रारंभिक दलीलें सुनने के बाद राज्य सरकार और जेएसएससी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। प्रार्थियों ने कक्षपाल भर्ती विज्ञापन को चुनौती दी है। उनका कहना है कि विज्ञापन में अधिकतम आयु सीमा की गणना एक अगस्त 2025 से की गई है, जो नियमों के विपरीत है।
प्रार्थियों का तर्क है कि अगस्त 2025 के गजट नोटिफिकेशन के अनुसार नई नियमावली के तहत होने वाली पहली नियुक्ति में आयु की गणना एक अगस्त 2019 से की जानी चाहिए थी। लेकिन सितंबर 2025 में जारी इस विज्ञापन में सरकार के वादे के बावजूद अभ्यर्थियों को आयु सीमा में रियायत नहीं दी गई। इस भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि नौ जनवरी से आठ फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई थी। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शुभम मिश्रा ने अदालत में पक्ष रखते हुए कहा कि सरकार अपने ही नियमों के विपरीत भर्ती प्रक्रिया चला रही है।
कक्षपाल भर्ती की वैकेंसी डिटेल्स
रिक्तियों में 1634 पद पुरुषों और 64 पद महिलाओं के लिए हैं। पुरुषों में 165 पद भूतपूर्व सैनिकों के लिए, 413 होमगार्ड के लिए और शेष 1056 अन्य अभ्यर्थियों के लिए हैं।
चयन
- सबसे पहले शारीरिक मापदंड व शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद मेडिकल जांच होगी।
वेतन - लेवल -2 (19900 - 63200 रुपये)
फिजिकल टेस्ट
शारीरिक परीक्षा के तहत अभ्यर्थियों के लिए दौड़ का आयोजन होगा। दौड़ प्रक्रिया को पहले से काफी सरल करते हुए दूरी को घटाया गया है। बता दें कि बीते मार्च माह में हुई कैबिनेट बैठक में पुलिस, कक्षपाल, सिपाही और उत्पाद सिपाही नियुक्ति के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा में बदलाव किया गया है। पुरुष अभ्यर्थियों को 06 मिनट में 1600 मीटर दौड़ पूरी करनी होगी। पहले यह दौड़ 10 किमी की होती थी। वहीं, महिला अभ्यर्थियों को 10 मिनट में 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। पहले महिलाओं को 06 किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ती थी।




साइन इन