JEE Mains Result 2026: जेईई मेन रिजल्ट 2026 आउट; 12 छात्रों ने हासिल किया 100 परसेंटाइल, देखें पूरी टॉपर्स लिस्ट
JEE Main 2026 Toppers List: जेईई मेन 2026 (सत्र-1) के पेपर-1 (B.E./B.Tech.) के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं । सत्र-1 के परिणामों में कुल 12 छात्रों ने परफेक्ट 100 परसेंटाइल स्कोर हासिल कर इतिहास रच दिया है ।

JEE Mains Result 2026, Jeemain.nta.nic.in: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आज 16 फरवरी 2026 को देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा, जेईई मेन 2026 (सत्र-1) के पेपर-1 (B.E./B.Tech.) के नतीजे घोषित कर दिए हैं । इस परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म हो गया है और वे आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं ।
परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े
इस साल जनवरी सत्र की परीक्षा 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को देश-विदेश के कुल 658 केंद्रों पर आयोजित की गई थी । आंकड़ों के अनुसार, कुल 13,55,293 अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 13,04,653 (96.26%) छात्र परीक्षा में शामिल हुए । यह परीक्षा भारत के बाहर 15 प्रमुख शहरों जैसे दुबई, शारजाह, सिंगापुर, मस्कट और वॉशिंगटन में भी आयोजित की गई थी ।
ये हैं देश के असली धुरंधर: 100 परसेंटाइल लाने वाले टॉपर
सत्र-1 के परिणामों में कुल 12 छात्रों ने परफेक्ट 100 परसेंटाइल स्कोर हासिल कर इतिहास रच दिया है । इन टॉपर्स की लिस्ट इस प्रकार है:
1.श्रेयस मिश्रा
2. नरेन्द्रबाबू गारी महित
3. शुभम कुमार
4. कबीर छिल्लर,
5. चिरंजीब कर और
6. भावेष पात्रा
7. अनय जैन
8. अर्नव गौतम
9. पासाला मोहित
10. माधव विराड़िया
11. पुरोहित निमय
12. विवान शरद माहेश्वरी
छात्राओं में हरियाणा की अशी ग्रेवाल ने 99.996 परसेंटाइल के साथ शानदार प्रदर्शन किया है ।
श्रेणीवार और लिंगवार भागीदारी
रजिस्टर्ड कुल अभ्यर्थियों में 4.67 लाख से अधिक महिलाएं और 8.87 लाख से अधिक पुरुष शामिल थे । सामान्य श्रेणी (General) से लगभग 4.52 लाख, ओबीसी (OBC-NCL) से 5.17 लाख और ईडब्ल्यूएस (Gen-EWS) श्रेणी से 1.60 लाख से अधिक छात्र परीक्षा में बैठे थे।
नॉर्मलाइजेशन और पारदर्शिता के कड़े इंतजाम
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परिणाम 'नॉर्मलाइजेशन' प्रक्रिया के आधार पर तैयार किए गए हैं, ताकि अलग-अलग शिफ्टों के पेपर के कठिनाई स्तर को संतुलित किया जा सके । परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार एआई (AI) आधारित वीडियो एनालिटिक्स, 5G जैमर्स और आधार ई-केवाईसी (E-KYC) जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया था । अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले 68 छात्रों के परिणाम रोक दिए गए हैं ।
अब आगे क्या?
सत्र-1 के परिणामों के बाद अब छात्र सत्र-2 (अप्रैल) की तैयारी में जुट गए हैं। एनटीए के अनुसार, अभ्यर्थियों की अंतिम अखिल भारतीय रैंक (AIR) दोनों सत्रों में से उनके सर्वश्रेष्ठ स्कोर के आधार पर जारी की जाएगी । वहीं, पेपर-2 (B.Arch/B.Planning) के नतीजे बाद में घोषित किए जाएंगे ।




साइन इन