JEE Main Result 2026: 14 लाख से अधिक बच्चों ने किया है आवेदन, 63000 सीटें, जानें कहां कितनी सीटें
IIT JEE Main Result 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) आज 16 फरवरी को सेशन-1 का रिजल्ट घोषित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। 14.50 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के आवेदन के साथ 63 हजार सीटों के लिए इस बार मुकाबला और भी कड़ा हो गया है।

NTA JEE Main Result 2026: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा 'जेईई मेन 2026' के पहले सत्र के परिणामों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) आज 16 फरवरी को सेशन-1 का रिजल्ट घोषित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस साल की परीक्षा कई मायनों में ऐतिहासिक रही है, क्योंकि आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 14.50 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के आवेदन के साथ इस बार मुकाबला और भी कड़ा हो गया है।
रजिस्ट्रेशन में भारी उछाल: पिछले 5 वर्षों का टूटा रिकॉर्ड
आंकड़ों पर नजर डालें तो जेईई मेन में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या साल-दर-साल तेजी से बढ़ रही है। पिछले 5 वर्षों में यह संख्या दो गुने से भी अधिक हो चुकी है। पिछले 5 वर्षों में सेशन-1 के लिए वर्ष 2022 में 8,72,970, वर्ष 2023 में 8,60,064, वर्ष 2024 में 12,21,624 एवं 2025 में 13,11,544 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। वहीं 2026 में यह संख्या बढ़कर 14,50,000 के पार पहुंच गई है। पिछले साल 2025 जेईई मेल सेशन-1 में 13.11 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसकी तुलना में इस बार 1 लाख से भी अधिक नए अभ्यर्थी मैदान में हैं।
पिछले 5 वर्षों के आंकड़ों का सफर:
2022: 8.72 लाख अभ्यर्थी
2023: 8.60 लाख अभ्यर्थी
2024: 12.21 लाख अभ्यर्थी
2025: 13.11 लाख अभ्यर्थी
2026: 14.50 लाख+ अभ्यर्थी
सीटों का गणित: कहां कितनी संभावनाएं?
भले ही आवेदकों की संख्या लाखों में हो, लेकिन देश के प्रीमियम संस्थानों में सीटें सीमित हैं। वर्तमान में आईआईटी (IIT), एनआईटी (NIT), ट्रिपल आईटी (IIIT) और जीएफटीई (GFTE) संस्थानों को मिलाकर कुल 63,000 के करीब सीटें उपलब्ध हैं। दिलचस्प बात यह है कि 2021 में यह आंकड़ा लगभग 49,700 था, जिसका अर्थ है कि पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने तकनीकी शिक्षा के अवसरों में विस्तार किया है।
सीटों की डिटेल्स:
IIT (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान): 18,160 सीटें
NIT (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान): 24,525 सीटें
IIIT (भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान): 9,940 सीटें
GFTI (सरकारी वित्त पोषित संस्थान): 10,228 सीटें
कैसे तय होगा आईआईटी का रास्ता?
जेईई मेन का परिणाम केवल एनआईटी या आईआईआईटी में प्रवेश का जरिया नहीं है, बल्कि यह आईआईटी में जाने की पहली सीढ़ी भी है। इस परीक्षा के आधार पर जो टॉप 2.5 लाख छात्र शॉर्टलिस्ट होंगे, उन्हें जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) परीक्षा देने का मौका मिलेगा। आईआईटी में दाखिला केवल जेईई एडवांस्ड की रैंक के आधार पर ही संभव है। इसके अलावा, छात्रों को 12वीं बोर्ड परीक्षा में कम से कम 75% अंक या अपने बोर्ड के टॉप 20 परसेंटाइल में स्थान बनाना अनिवार्य होगा।
छात्रों के लिए जरूरी सलाह
आज रिजल्ट जारी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर ट्रैफिक बहुत अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में वेबसाइट क्रैश होने या सर्वर स्लो होने पर घबराएं नहीं। अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड तैयार रखें। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर पहले सत्र में स्कोर कम रहता है, तो भी छात्रों को निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि अप्रैल में होने वाला सत्र-2 सुधार का एक और बड़ा मौका देगा।




साइन इन