JEE Advanced : जेईई एडवांस्ड के 1.79 लाख छात्रों का डेटा लीक, 16 साल के लड़के को IIT ने क्यों बोला थैंक्यू
जेईई एडवांस्ड 2026 की रिजल्ट वेबसाइट में डेटा सुरक्षा की बड़ी खामी सामने आई, जिसे 16 वर्षीय साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर ने उजागर किया। IIT ने तुरंत समस्या को ठीक किया।

नीट कराने वाले एनटीए और 12वीं परीक्षा कराने वाले सीबीएसई बोर्ड के बाद जेईई एडवांस्ड कराने वाले देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रुड़की की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। आईआईटी की इस चूक को 16 साल के एक सायबर सिक्योरिटी रिसर्चर ने पकड़ा। साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर ने जेईई एडवांस्ड रिजल्ट वाली वेबसाइट पर डेटा सिक्योरिटी से जुड़ी एक बड़ी समस्या की ओर आईआईटी का ध्यान दिलाया। इसके बाद आईआईटी एंट्रेंस आयोजित करने वाले संस्थान आईआईटी रुड़की ने तुरंत कार्रवाई की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर Rylen Anil (@DarthKermy72747) ने दावा किया कि जेईई एडवांस्ड 2026 के उम्मीदवारों के नतीजों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर में पब्लिक क्लाउड स्टोरेज की सेटिंग में गड़बड़ी थी, जिसकी वजह से बिना किसी ऑथेंटिकेशन के बड़ी तादाद में उम्मीदवारों का डेटा सबके सामने आ गया था। JEE Advanced 2026 के उम्मीदवारों/नतीजों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर ([https://cdata.jeeadv.ac.in/result2026/](https://cdata.jeeadv.ac.in/result2026/)) में पब्लिक क्लाउड स्टोरेज की सेटिंग में गड़बड़ी थी, जिससे बिना किसी ऑथेंटिकेशन के बड़ी मात्रा में उम्मीदवारों का डेटा सबके सामने आ गया।
इससे करीब 1.79 हजार विद्यार्थियों के रिजल्ट के रिकॉर्ड और करीब 1.87 लाख एडमिट-कार्ड की पीडीएफ सबके सामने आ गए, जिनमें उम्मीदवारों के नाम, जन्म की तारीखें और मोबाइल नंबर की डिटेल्स थीं। आईआईटी रुड़की ने इस समस्या को स्वीकार किया और इसे ठीक करने के लिए फौरन कदम उठाए।
गलती की पुष्टि और प्रोब्लम पकड़ में आने के बाद आईआईटी रुड़की ने एक्स पर लिखा, 'क्लाउड स्टोरेज डिवाइस में सेटिंग से जुड़ी समस्या की ओर ध्यान दिलाने के लिए @DarthKermy72747 आपका धन्यवाद। इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है। जो डेटा स्टोर था, वह केवल पढ़ने (read-only) के लिए था, इसलिए उसमें किसी भी तरह के बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं थी। हम आपके जिम्मेदार और नैतिक व्यवहार की सराहना करते हैं।''
समस्या ठीक होने के बाद, उस छात्र ने भी जवाब दिया- 'समस्या को स्वीकार करने और उसे इतनी तेजी से ठीक करने के लिए आपका धन्यवाद। मुझे खुशी है कि मैं सिक्योरिटी को बेहतर बनाने में अपना योगदान दे सका और टीम के जवाब की सराहना करता हूं। मैं आगे भी जिम्मेदार सिक्योरिटी रिसर्च में अपना सहयोग देता रहूंगा।'
यह मामले ऐसे समय में सामने आया है जब सरकार की बड़ी परीक्षा एजेंसी और केंद्रीय बोर्ड अपने खराब कामकाज के चलते कटघरे में हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) जहां नीट पेपर लीक के चलते घिरा हुआ है वहीं सीबीएसई बोर्ड 12वीं आंसरशीट की चेकिंग में इस्तेमाल की गई विवादास्पद प्रणाली ओएसएम के इस्तेमाल व इसके टेंडर देने को लेकर फंसा हुआ है।




साइन इन