IGNOU June 2026 TEE : ई-विद्याभारती छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, यहां जानिए पूरी डिटेल
इग्नू ने ई-विद्याभारती के छात्रों के लिए जून 2026 टर्म-एंड परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। छात्र 15 जून तक अपना फॉर्म भर सकते हैं। एबीसी आईडी बनाना सबके लिए लाजमी है।

IGNOU June 2026 TEE : अगर आप इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) से पढ़ाई कर रहे हैं और आने वाले इम्तिहानों की तैयारी में पसीना बहा रहे हैं तो यह खबर खास आपके लिए है। इग्नू ने अपने ई-विद्याभारती (e-VidyaBharti) प्रोग्राम के छात्रों के लिए टर्म-एंड एग्जामिनेशन (TEE) जून 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन का दरवाजा खोल दिया है। जो भी छात्र इस परीक्षा में बैठने की काबलियत रखते हैं, वे अब बिना किसी देरी के अपना एग्जामिनेशन फॉर्म, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और दूसरी जरूरी अर्जियां जमा कर सकते हैं।
परीक्षा कब और कैसे होगी?
इग्नू की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, ई-विद्याभारती के छात्रों के लिए यह टर्म-एंड परीक्षा 22 जून 2026 से शुरू होकर 12 जुलाई 2026 तक चलेगी। सबसे बड़ी सहूलियत की बात यह है कि यह इम्तिहान 'रिमोट-प्रॉक्टर्ड मोड' में करवाया जाएगा। यानी आपको किसी परीक्षा केंद्र पर धक्के खाने की या सफर करने की कोई जरूरत नहीं है; आप अपने घर या किसी भी शांत जगह से, कंप्यूटर और कैमरे की कड़ी निगरानी में यह परीक्षा आराम से दे सकेंगे। छात्रों को अपने फॉर्म 'समर्थ स्टूडेंट पोर्टल' के जरिए तय वक्त के भीतर ही भरने होंगे।
आखिरी तारीखों का रखें खास ख्याल
अक्सर छात्र आखिरी दिन का इंतजार करते हैं और फिर सर्वर डाउन होने की वजह से भारी परेशानी का सामना करते हैं। परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 15 जून 2026 तय की गई है। मेरी मानिए तो इस तारीख से काफी पहले ही अपना फॉर्म भर लें ताकि किसी भी तकनीकी दिक्कत या लेट फीस के बेवजह के झंझट से बचा जा सके। इसके अलावा, अगर आप या आपका कोई जानने वाला जुलाई 2026 सेशन में दाखिला लेना चाहता है, तो उसके लिए भी खिड़की खुली हुई है। इग्नू में अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्सेज में एडमिशन लेने की आखिरी तारीख 15 जुलाई 2026 है। ये दाखिले भी आधिकारिक समर्थ एडमिशन पोर्टल के जरिए ही होंगे।
एबीसी आईडी (ABC ID) है बेहद लाजमी
इस बार यूनिवर्सिटी ने एक बात पर बहुत सख्ती से जोर दिया है। एग्जामिनेशन फॉर्म भरते वक्त हर एक छात्र को अपना 'एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स' (ABC) आईडी बनाना और उसे दर्ज करना जरूरी है। अगर आप सोचते हैं कि इसके बिना काम चल जाएगा, तो आप बड़ी गलतफहमी में हैं। जो छात्र अपनी एबीसी आईडी नहीं बनाएंगे, उनके नतीजों के ऐलान में बेवजह की देरी होगी। इतना ही नहीं, आपके नंबर एबीसी सिस्टम या डिजिलॉकर में भी नजर नहीं आएंगे। इसलिए, अपने ही फायदे के लिए इस काम को सबसे पहले निपटा लें।
परीक्षा की फीस कितनी लगेगी?
परीक्षा की फीस का ढांचा इस बात पर निर्भर करता है कि आपने कब दाखिला लिया था और आपका कोर्स किस तरह का है। जो छात्र दिसंबर 2022 तक इग्नू का हिस्सा बन गए थे, उनके लिए थ्योरी, प्रैक्टिकल और लैब कोर्सेज की फीस महज 200 रुपये प्रति कोर्स रखी गई है।
कौन दे सकता है परीक्षा और क्या हैं शर्तें?
मौजूदा वक्त में इग्नू के अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट, डिप्लोमा, पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा सर्टिफिकेट और सेमेस्टर-आधारित कोर्सेज में पढ़ने वाले सभी छात्र यह परीक्षा फॉर्म भरने के हकदार हैं। लेकिन फॉर्म सबमिट करने से पहले तीन अहम बातें जरूर पक्की कर लें कि आपका कोर्स रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से वैध होना चाहिए। आपने अपनी सभी जरूरी असाइनमेंट वक्त पर जमा कर दी हों। याद रखें कि असाइनमेंट के बिना परीक्षा में बैठने की इजाजत अक्सर नहीं मिलती है। आपने अपने प्रोग्राम को पूरा करने के लिए जो कम से कम वक्त तय है, वो गुजार लिया हो।
कब आएगा आपका एडमिट कार्ड?
अगर आपने सबकुछ सही से भरा है, तो परीक्षा शुरू होने से करीब एक हफ्ते पहले जून 2026 टर्म-एंड एग्जाम का एडमिट कार्ड (हॉल टिकट) जारी कर दिया जाएगा। तब आप इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे। इसी एडमिट कार्ड पर आपको अपने प्रोजेक्ट और प्रैक्टिकल परीक्षा से जुड़ी सारी बारीक जानकारियां और समय भी मिल जाएगा।




साइन इन