Driver Recruitment 2026: 12वीं पास के लिए बस ड्राइवर के 4599 पदों पर निकली बंपर भर्ती, अभी करें अप्लाई
Gujarat GSRTC Driver Recruitment 2026: 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए ड्राइवरों के 4599 पदों पर बंपर भर्ती निकाली गई है। 12वीं पास और हैवी लाइसेंस धारक 5 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Gujarat GSRTC Driver Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे और ड्राइविंग को अपना करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक बेहद बड़ी और शानदार खबर आई है। गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (GSRTC) ने सरकारी बस ड्राइवरों की सीधी भर्ती के लिए एक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस बड़ी भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 4,599 ड्राइवर पदों को भरा जाना है, जो इस साल की सबसे बड़ी सरकारी ड्राइवर भर्तियों में से एक है। इस वैकेंसी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसे लेकर युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
क्या है जरूरी योग्यता और आयु सीमा?
शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा (10+2) पास होना अनिवार्य है।
लाइसेंस: पुरुष उम्मीदवारों के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय से सार्वजनिक वाहन चलाने का लाइसेंस और आधार होना अनिवार्य है, और यह लाइसेंस कम से कम 4 वर्ष पुराना होना चाहिए। महिला उम्मीदवारों के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय से सार्वजनिक वाहन चलाने का भारी लाइसेंस और आधार होना आवश्यक है और आवेदन जमा करने के समय यह लाइसेंस उनके पास होना चाहिए।
आयु सीमा: आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 25 वर्ष और सामान्य वर्ग के पुरुषों के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है। हालांकि, आरक्षित श्रेणियों (SC/ST/SEBC/EWS) के पुरुष उम्मीदवारों को 40 वर्ष और महिला उम्मीदवारों को 45 वर्ष तक की आयु छूट का लाभ मिलेगा।
चयन प्रक्रिया और सैलरी का क्या है गणित?
चयन प्रक्रिया को दो मुख्य चरणों में विभाजित किया गया है, जिसमें मेरिट बनाने के लिए दोनों टेस्ट के अंकों को अलग-अलग वेटेज दिया गया है। पहले चरण (OMR आधारित लिखित परीक्षा) में 100 अंकों की लिखित परीक्षा होगी, जिसका अंतिम मेरिट में 40% वेटेज रहेगा। दूसरे चरण (ड्राइविंग टेस्ट) में उम्मीदवारों के प्रैक्टिकल ड्राइविंग स्किल की जांच की जाएगी, जिसका मेरिट में सबसे ज्यादा 60% वेटेज होगा। इसमें पास होने के लिए 50 में से न्यूनतम 35 अंक लाना आवश्यक है।
सैलरी पैकेज: इस भर्ती के तहत चुने जाने वाले ड्राइवरों को शुरुआत में 5 साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट यानी फिक्स-पे (Fixed Pay) पर रखा जाएगा। इस अवधि के दौरान उन्हें हर महीने 26,000 रुपये की फिक्स सैलरी दी जाएगी। 5 साल की संतोषजनक सेवा पूरी करने के बाद उन्हें नियमित कर दिया जाएगा, जिसके बाद सरकारी नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी मिलने शुरू होंगे।
5 जुलाई है आवेदन की आखिरी तारीख
सभी योग्य और इच्छुक उम्मीदवार गुजरात सरकार के आधिकारिक भर्ती पोर्टल ojas.gujarat.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 जुलाई 2026 तय की गई है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग के लिए यह 300 रुपये (+GST) और सभी आरक्षित श्रेणियों व महिलाओं के लिए 200 रुपये (+GST) निर्धारित है। आखिरी समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए छात्रों को समय रहते फॉर्म भरने की सलाह दी जाती है।




साइन इन