CCSU : ट्रेडिशनल बीए बीकॉम ही नहीं 25 से अधिक ऑनर्स में भी हैं मौके, 12वीं पास करें एप्लाई
इंटर के बाद चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में केवल ट्रेडिशनल बीए, बीकॉम, बीएससी में ही प्रवेश के विकल्प नहीं हैं बल्कि छात्र ऑनर्स प्रोग्राम में भी प्रवेश ले सकते हैं।

इंटर के बाद चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में केवल ट्रेडिशनल बीए, बीकॉम, बीएससी में ही प्रवेश के विकल्प नहीं हैं बल्कि छात्र ऑनर्स प्रोग्राम में भी प्रवेश ले सकते हैं। ऑनर्स प्रोग्राम के लिए छात्रों का रुख डीयू रहता है, लेकिन सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में स्नातक स्तर पर 25 से अधिक ऑनर्स प्रोग्राम चल रहे हैं। ऐसे में छात्र इन ऑनर्स पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेते हुए पढ़ाई कर सकते हैं। इन ऑनर्स पाठ्यक्रमों में अधिकांश विवि कैंपस में चल रहे हैं।
विवि ने समर्थ पोर्टल पर पाठ्यक्रमों की सूची जारी की है और छात्र प्रत्येक ऑनर्स पाठ्यक्रम में योग्यता एवं अवधि को देख सकते हैं। अधिकांश ऑनर्स पाठ्यक्रमों में न्यूनतम 45 फीसदी से लेकर 65 फीसदी अंक इंटर में जरूरी हैं, लेकिन कई पाठ्यक्रम ऐसे भी हैं जिनमें केवल इंटर पास छात्र भी प्रवेश लेते हुए पढ़ाई कर सकते हैं। समर्थ पोर्टल पर दर्ज डाटा के अनुसार बीकॉम ऑनर्स में प्रवेश के लिए इंटर में सामान्य एवं ओबीसी श्रेणी में 65 फीसदी जबकि एससी-एसटी में 60 फीसदी अंक चाहिए।
बीएससी गणित ऑनर्स, बीएससी केमेस्ट्री ऑनर्स, बीएससी बॉटनी ऑनर्स पाठ्यक्रमों में सामान्य-ओबीसी को 45 जबकि एससी-एसटी में 40 फीसदी न्यूनतम अंकों की जरुरत होगी। बीएफए ऑनर्स, बीडिजाइन ऑनर्स, बीए संस्कृत ऑनर्स, बीए भूगोल ऑनर्स, बीए समाजशास्त्र ऑनर्स, बीएससी कृषि ऑनर्स में केवल इंटर पास होना ही जरुरी है। ऐसे छात्र भी इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश को आवेदन कर सकते हैं। यदि आवेदन सीटों से अधिक रहते हैं तो मेरिट से ही प्रवेश होंगे।
पंजीकरण में परेशानी तो करें कॉल
चौ.चरण सिंह विवि कैंपस और संबद्ध कॉलेजों में जारी ऑनलाइन पंजीकरण में किसी भी तरह की परेशानी हेल्पलाइन पर फोन करके हल कराई जा सकती है। ईमेल पर भी छात्र अपनी समस्या लिखते हुए समाधान पा सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद छात्रों को निर्धारित 130 रुपये की फीस देने के लिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेटबैंकिंग और यूपीआई प्रयोग किया जा सकता है।
विवि के अनुसार यदि कोई छात्र पासवर्ड भूल जाता है तो उसे परेशान होने की जरुरत नहीं है। छात्र पंजीकरण पोर्टल पर जाकर फोरगेट पासवर्ड बटन पर क्लिक करें। इसके बाद पंजीकृत ईमेल आईडी और सिक्योरिटी कोड दर्ज करें। यह प्रक्रिया पूरी करके सेंड बटन पर क्लिक करें। विवि पंजीकृत आईडी पर नया पासवर्ड और इससे जुड़े निर्देश भेज देगा।
इस पर करें कॉल या ईमेल: विवि के अनुसार छात्र ccsuadmission @ccsuniversity.ac.in पर ईमेल करके अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। छात्र 7579685826 नंबर पर भी कॉल कर सकते हैं।




साइन इन