CCSU में देना होगा परीक्षा फॉर्म भरने से पहले का डोमिसाइल, प्राइवेट मोड के लिए कितनी लगेगी फीस? यहां देखें
Meerut News - चौधरी चरण सिंह विवि में प्राइवेट मोड में बीए, बीकॉम, एमए और एमकॉम के परीक्षा फॉर्म भरने वाले छात्रों को अतिरिक्त 5500 रुपये चुकाने होंगे। यूपी बोर्ड से उत्तीर्ण छात्रों को यह शुल्क नहीं देना होगा, लेकिन अन्य बोर्ड के छात्रों को डोमिसाइल और आधार कार्ड देना अनिवार्य होगा।

चौधरी चरण सिंह विवि में प्राइवेट मोड में बीए, बीकॉम, एमए, एमकॉम से परीक्षा फॉर्म भरने वाले अन्य बोर्ड के छात्रों को फीस के अतिरिक्त 5500 रुपये चुकाने होंगे। अर्हता परीक्षा उत्तर प्रदेश से बाहर या अन्य किसी बोर्ड एवं विवि से उत्तीर्ण करने की स्थिति में इस शुल्क से बचने के लिए छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने से पहले का जारी डोमिसाइल एवं आधार कार्ड देना होगा। परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि के बाद जारी मूल निवास प्रमाण पत्र या आधार कार्ड नहीं माना जाएगा। इस स्थिति में छात्रों को निर्धारित फीस के अतिरिक्त 5500 अलग से चुकाने होंगे।
यूपी बोर्ड से इंटर और प्रदेश के किसी भी विवि से स्नातक उत्तीर्ण छात्रों को सीसीएसयू में प्राइवेट फॉर्म भरने पर यह नियम लागू नहीं होगा। ऐसे समझिए इस नियम को विवि के अनुसार यदि किसी छात्र ने यूपी बोर्ड से इंटर उत्तीर्ण किया है और वह बीए एवं बीकॉम फॉर्म भरना चाहता है तो उसे डोमिसाइल नहीं देना होगा, लेकिन यदि सीबीएसई या आईएससी से परीक्षा पास की है और वे उप्र के निवासी हैं तो उन्हें यह प्रमाण पत्र देना होगा। इसी तरह प्रदेश के किसी भी विवि से स्नातक उत्तीर्ण छात्र यदि सीसीएसयू से एमए, एमकॉम फॉर्म भरता है तो उसे डोमिसाइल की जरूरत नहीं होगी, लेकिन यदि दिल्ली, हरियाणा या अन्य किसी अन्य राज्य के विवि से स्नातक किया है और वह सीसीएसयू में पीजी प्राइवेट का फॉर्म भरता है तो उसे डोमिसाइल देना होगा। ऐसा नहीं करने पर छात्र को 55 सौ रुपये अतिरिक्त फीस देनी होगी।
विवि के अनुसार छात्रों को परीक्षा फॉर्म के साथ यूपी का डोमिसाइल और प्रदेश में निवास करने का आधार कार्ड जमा करना होगा। विवि के अनुसार प्रथम वर्ष में पंजीकृत होने वाले विद्यार्थियों पर यह नियम लागू होगा। पहले से पंजीकृत और नामांकन संख्या पा चुके छात्रों को इससे छूट रहेगी।
विवि के अनुसार बीबीए और बीसीए उत्तीर्ण छात्र पीजी प्राइवेट के फॉर्म भर सकते हैं। ऐसे छात्रों की बीबीए, बीसीए की परीक्षा क्रमश: बीकॉम एवं बीएससी गणित के समकक्ष मानी जाएगी। जामिया-ए-उर्दू अलीगढ़ से आबिद या कामिल परीक्षा पास करने वाले छात्र सीसीएसयू में फॉर्म नहीं भर सकेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन