CBSE: सीबीएसई री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर हुआ साइबर अटैक, 2 मिनट में 15 लाख हिट; सिस्टम ठप करने की कोशिश की
CBSE के पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर दोपहर तक 16,000 से अधिक छात्र अपने आवेदन सुरक्षित रूप से पूरे कर चुके हैं। हैकर्स और असामाजिक तत्वों ने डिजिटल सिस्टम को क्रैश करने के लिए एक बड़ा साइबर हमला कर किया था।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12वीं की कॉपियों के पुनर्मूल्यांकन को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आई है। लाइव होने के बाद इस पोर्टल पर आज दोपहर जहां एक तरफ हजारों छात्र अपनी कॉपियों की री-चेकिंग के लिए संघर्ष कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ हैकर्स और असामाजिक तत्वों ने इस सरकारी डिजिटल सिस्टम को क्रैश करने के लिए एक बड़ा और योजनाबद्ध साइबर हमला कर दिया। हालांकि, सुरक्षा टीमों की मुस्तैदी से इस हमले को नाकाम कर दिया गया और बोर्ड ने दावा किया है कि दोपहर तक 16,000 से अधिक छात्र अपने आवेदन सुरक्षित रूप से पूरे कर चुके हैं।
2 मिनट में 15 लाख हिट्स
बोर्ड के अनुसार, आज दोपहर जब छात्र वेबसाइट पर लॉगिन कर रहे थे, ठीक उसी समय हैकर्स ने पोर्टल को ठप करने के इरादे से एक जबरदस्त 'डिनायल ऑफ सर्विस' (DoS/DDoS) अटैक की कोशिश की।
इस हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मात्र 2 मिनट के भीतर वेबसाइट पर अचानक 15 लाख फर्जी हिट्स की बौछार कर दी गई, ताकि सर्वर पूरी तरह क्रैश हो जाए और छात्र इसे एक्सेस न कर सकें। इतना ही नहीं, हैकर्स ने पोर्टल के भीतर घुसकर डेटा चोरी करने के उद्देश्य से 1 लाख से अधिक बार अनधिकृत फाइल एक्सेस करने की भी नाकाम कोशिशें कीं। तकनीकी विशेषज्ञों ने तुरंत इस असामान्य ट्रैफिक को डिटेक्ट कर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया।
भारी दबाव के बीच 16,000 से अधिक आवेदन सफल
इस बड़े साइबर हमले और तकनीकी रुकावटों के बावजूद, IIT कानपुर की देखरेख में काम कर रही टेक्निकल टीम ने पोर्टल को लाइव बनाए रखा। आंकड़ों के अनुसार, आज दोपहर 3:00 बजे तक ही 16,000 से अधिक छात्र सफलतापूर्वक अपने आवेदन और फीस सबमिशन की प्रक्रिया को पूरा कर चुके हैं।
वर्तमान में स्थिति यह है कि सीबीएसई का पुनर्मूल्यांकन पोर्टल एक ही समय पर 8,000 से अधिक यूजर्स का लाइव ट्रैफिक लोड पूरी मजबूती के साथ संभाल रहा है। बोर्ड की सुरक्षा प्रणालियां लगातार इन हमलों को फिल्टर कर रही हैं, ताकि वास्तविक छात्रों को फॉर्म भरने में कोई दिक्कत न आए।
सीबीएसई का दावा— 'बिल्कुल सुरक्षित और स्मूथ है पोर्टल'
सोशल मीडिया पर सर्वर डाउन होने और पेमेंट अटकने की कुछ शुरुआती शिकायतों के बीच, सीबीएसई बोर्ड ने कहा, "यह सच है कि असामाजिक तत्वों ने हमारे सिस्टम को बाधित करने की कोशिश की, लेकिन हमारा फायरवॉल और सुरक्षा ढांचा बेहद मजबूत है। किसी भी छात्र का डेटा प्रभावित नहीं हुआ है। वर्तमान में पोर्टल पूरी तरह से स्थिर और एक्टिव है। छात्र बिना किसी डर के रात या सुबह के समय आसानी से अपना फॉर्म सबमिट कर सकते हैं।"




साइन इन