CBSE Board Exam 2026: मिडल ईस्ट संकट; CBSE ने 16 मार्च तक टालीं 12वीं की परीक्षाएं, सुरक्षा बनी वजह
CBSE Board Exam 2026: सीबीएसई बोर्ड ने खाड़ी देशों में 12 मार्च से 16 मार्च 2026 के बीच होने वाली कक्षा 12वीं की सभी बोर्ड परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।

CBSE Board Exam 2026: मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) के देशों में चल रहे तनाव और अनिश्चितता के बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने खाड़ी देशों में 12 मार्च से 16 मार्च 2026 के बीच होने वाली कक्षा 12वीं की सभी बोर्ड परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।
यह निर्णय मुख्य रूप से ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष और सुरक्षा चिंताओं के कारण लिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह कदम न केवल छात्रों की शारीरिक सुरक्षा के लिए है, बल्कि उन पर पड़ने वाले मानसिक दबाव और तनाव को कम करने के लिए भी जरूरी था।
किन देशों के छात्र होंगे प्रभावित?
CBSE का यह आदेश मिडल ईस्ट के उन सात प्रमुख देशों में लागू होगा जहां बड़ी संख्या में भारतीय छात्र बोर्ड की परीक्षाओं में शामिल होते हैं। प्रभावित देशों की लिस्ट में संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, ईरान, कुवैत, बहरीन, ओमान और कतर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में स्थित 150 से अधिक सीबीएसई-संबद्ध स्कूलों के छात्रों को अब 12 से 16 मार्च के बीच परीक्षा केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
10वीं की परीक्षाएं पहले ही हो चुकी हैं रद्द
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब इस सत्र में परीक्षाओं में बदलाव किया गया है। इससे पहले 5 मार्च को जारी एक सर्कुलर में, बोर्ड ने कक्षा 10वीं की 2 मार्च से 11 मार्च के बीच होने वाली सभी परीक्षाओं को रद्द कर दिया था। 10वीं के छात्रों के लिए परिणाम घोषित करने का तरीका बोर्ड बाद में जारी करेगा। वहीं, 12वीं के लिए बोर्ड ने 'रद्द' के बजाय 'स्थगित' शब्द का उपयोग किया है, जिसका अर्थ है कि इन पेपरों को बाद में आयोजित किया जाएगा।
आगे क्या होगा? 14 मार्च को होगी अगली समीक्षा
CBSE के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने बताया कि बोर्ड स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है। बोर्ड 14 मार्च 2026 (शनिवार) को क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति की दोबारा समीक्षा करेगा।इस बैठक के बाद ही यह तय होगा कि 16 मार्च के बाद की परीक्षाएं अपने तय समय पर होंगी या उन्हें भी आगे बढ़ाया जाएगा। स्थगित हुए पेपरों की नई तारीखें बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर अलग से अधिसूचित की जाएंगी।
छात्रों और अभिभावकों के लिए सलाह
बोर्ड ने सभी प्रभावित छात्रों और अभिभावकों से संयम बनाए रखने की अपील की है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी फर्जी खबर या अफवाह पर भरोसा न करें। नए अपडेट के लिए अपने स्कूल के प्रधानाचार्य और आधिकारिक पोर्टल के संपर्क में रहें। पढ़ाई जारी रखें, क्योंकि नई तारीखों की घोषणा स्थिति सामान्य होते ही कर दी जाएगी। इस बीच, खाड़ी देशों में स्थित भारतीय दूतावासों ने भी भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।




साइन इन