CBSE : सीबीएसई ने किया साफ, 10वीं में दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद मिलेगा पासिंग सर्टिफकेट
सीबीएसई बोर्ड 10वीं की पहली परीक्षा के बाद केवल अंक तालिका जारी करेगा। यह अंक तालिका विद्यार्थियों के डिजिलॉकर में भेजी जाएगी। पासिंग सर्टिफिकेट सेकेंड फेज एग्जाम के बाद जारी होगा।

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे परीक्षार्थियों को प्रमाण पत्र (पासिंग सर्टिफिकेट) पहली बोर्ड परीक्षा के बाद नहीं मिलेगा। दूसरी बोर्ड परीक्षा की समाप्ति के बाद यह विद्यार्थियों को उनके डिजिलॉकर अकाउंट में भेजा जाएगा। बोर्ड की नई व्यवस्था के अनुसार दसवीं की पहली परीक्षा के परिणाम के बाद केवल मार्कशीट जारी की जाएगी। यह सीधे विद्यार्थियों के डिजिलॉकर अकाउंट पर भेजी जाएगी। मार्कशीट के आधार पर छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे विद्यालयों में 11वीं कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यार्थी दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहता है, तो इसी मार्क शीट के आधार पर संबंधित स्कूल द्वारा प्रवेश दिया जाएगा। कोई भी स्कूल प्रवेश देने से मना नहीं कर सकेगा।
दूसरी बोर्ड परीक्षा संपन्न होने के बाद ही विद्यार्थियों को पासिंग प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। यह प्रमाण पत्र मिलने के बाद छात्रों को इसे अपने संबंधित स्कूल में जमा करना होगा। बोर्ड के अनुसार यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है ताकि छात्रों के शैक्षणिक भविष्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और उनका प्रवेश सुचारू रूप से हो सके।
परीक्षार्थियों ने पूछे थे सवाल
पिछले 15 दिनों में सीबीएसई की काउंसलिंग सेवा में पासिंग सर्टिफिकेट को लेकर परीक्षार्थियों ने काउंसलर्स से इस बाबत कई सवाल पूछ रहे थे। परीक्षार्थियों के मन में इसको लेकर द्वंद्व को देखते हुए बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने यह जानकारी दी है।
सीबीएसई 10वीं 2nd एग्जाम के लिए आवेदन 31 मार्च तक
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 ( CBSE 10th Second Exam ) के लिए स्कूलों के माध्यम से उम्मीदवारों की सूची (एलओसी) जमा करने की प्रक्रिया जारी है। सीबीएसई बोर्ड मई 2026 में दूसरी बोर्ड परीक्षा आयोजित करेगा। यह व्यवस्था नई शिक्षा नीति 2020 के तहत लागू दो बोर्ड परीक्षा प्रणाली के अनुसार पहली बार शुरू की गई है, जिससे छात्रों को अपने अंकों में सुधार का मौका मिलेगा। छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषा जैसे अधिकतम 3 विषयों में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, वे छात्र जिन्होंने मुख्य परीक्षा में तीन या अधिक विषयों में हिस्सा नहीं लिया, इस परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे। एलओसी जमा करने का पहला चरण 18 से 31 मार्च तक चलेगा। परिणाम घोषित होने के अगले दिन से पांच दिन का दूसरा चरण होगा। तीसरे चरण में लेट फीस के साथ दो दिन की अतिरिक्त विंडो दी जाएगी।
क्या है सीबीएसई 10वीं सेकेंड एग्जाम में बैठने के नियम
कौन दे सकता है सीबीएसई 10वीं सेकेंड चांस एग्जाम
सीबीएसई 10वीं सेकेंड चांस एग्जाम में शामिल होने के लिए यह अनिवार्य है कि छात्र पहली बोर्ड परीक्षा में शामिल हुआ हो और कम से कम तीन विषय की परीक्षाएं दी हों। जो छात्र पहली परीक्षा में तीन या अधिक विषयों में अनुपस्थित रहे या फेल हुए हैं, वे दूसरी परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे।
- सभी पास और योग्य छात्र अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए साइंस, मैथ, सोशल साइंस और भाषाओं में से किसी भी तीन विषयों में सेकंड बोर्ड परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
- इस परीक्षा के लिए सिलेबस वही रहेगा जो आपकी पहली मुख्य परीक्षा के लिए था।
- जिन छात्रों का पहली परीक्षा में परिणाम कंपार्टमेंट आया है, वे सेकंड बोर्ड परीक्षा में कंपार्टमेंट कैटेगरी के तहत शामिल हो सकते हैं।
- सेकंड परीक्षा के LOC में नए नाम नहीं जोड़े जा सकते।




साइन इन