CBSE 10th 12th Exam : सीबीएसई कंपार्टमेंट परीक्षा देने के लिए छात्र-छात्राओं को मिलेंगे 3 मौके, कब मिलेंगे चांस
सीबीएसई की कक्षा 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षा में यदि किसी विद्यार्थी को किसी विषय में कंपार्ट लगता है, तो उसे उस विषय को उत्तीर्ण करने के लिए अधिकतम तीन अवसर दिए जाएंगे।

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा दसवीं या बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में यदि किसी विद्यार्थी को किसी विषय में कंपार्ट लगता है, तो उसे उस विषय को उत्तीर्ण करने के लिए अधिकतम तीन अवसर दिए जाएंगे। यदि विद्यार्थी इन तीनों अवसरों में भी संबंधित विषय की परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाता है, तो उसे पुनः उसी कक्षा में अध्ययन करना होगा। इसके लिए उसे प्राइवेट परीक्षार्थी के रूप में फॉर्म भरना पड़ेगा और सभी विषयों की परीक्षाएं देनी होंगी।
10वीं के परीक्षार्थी को पहला मौका दूसरी बोर्ड परीक्षा में मिलेगा
मालूम हो कि सीबीएसई इस साल से कक्षा 10वीं के लिए दो बोर्ड परीक्षाएं आयोजित कर रहा है। ऐसे में जिन परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा में किसी विषय में कंपार्ट लगता है, तो उन्हें पहला अवसर मई में आयोजित होने वाली दूसरी बोर्ड परीक्षा में मिलेगा। दूसरा अवसर जुलाई में आयोजित परीक्षा में और तीसरा अगले साल की मुख्य परीक्षा में दिया जाएगा। वहीं कक्षा 12वीं के लिए सीबीएसई जुलाई में कंपार्टमेंट परीक्षा आयोजित करेगा। किसी विषय में कंपार्टमेंट आने की स्थिति में विद्यार्थी को इस परीक्षा में शामिल होने का पहला अवसर मिलेगा। यदि कोई छात्र इस परीक्षा में भी सफल नहीं हो पाता है, तो उसे दूसरा अवसर अगले वर्ष की मुख्य बोर्ड परीक्षा में दिया जाएगा।
तीसरा और अंतिम अवसर अगले वर्ष जुलाई में आयोजित होने वाली कंपार्टमेंट परीक्षा में मिलेगा। सीबीएसई की ओर से चलाई जा रही टेली-काउंसिलिंग सेवा में विद्यार्थियों और अभिभावकों के सवालों का सिलसिला जारी है। पिछले 15 दिनों में 150 से अधिक कॉल प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे अधिक पूछताछ कंपार्टमेंट परीक्षा, औपबंधिक नामांकन और दूसरी बोर्ड परीक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए की जा रही है। इनमें वैसे विद्यार्थी के भी सवाल आ रहे, जिन्होंने किसी विषय की परीक्षा दी है लेकिन संबंधित विषय की परीक्षा सही नहीं गई है।
10वीं में किसी विषय में फेल होने पर मिलेगा औपबंधिक दाखिला
सीबीएसई ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जो विद्यार्थी पहली बोर्ड परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो जाते हैं, उन्हें कक्षा 11वीं में स्कूलों में औपबंधिक प्रवेश मिल जाएगा। लेकिन दूसरी बोर्ड परीक्षा में इन विद्यार्थियों को उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। यदि विद्यार्थी दूसरी परीक्षा में भी उत्तीर्ण नहीं होते हैं, तो उनका नामांकन रद्द कर दिया जाएगा।




साइन इन