buxar sisters cuet pg rank holders success story sakshi mishra and saloni mishra news CUET PG में दो सगी बहनों ने गाड़े झंडे, एक को तीसरी तो दूसरी को मिली 5वीं रैंक, Career Hindi News - Hindustan
More

CUET PG में दो सगी बहनों ने गाड़े झंडे, एक को तीसरी तो दूसरी को मिली 5वीं रैंक

बक्सर की दो सगी बहनों साक्षी और सलोनी मिश्रा ने CUET PG परीक्षा में देशभर में तीसरा और पांचवा स्थान पाकर बिहार का मान बढ़ाया है।

Sun, 26 April 2026 08:26 AMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
CUET PG में दो सगी बहनों ने गाड़े झंडे, एक को तीसरी तो दूसरी को मिली 5वीं रैंक

कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों और इरादे नेक, तो कामयाबी कदम चूमती ही है। इस बात को सच कर दिखाया है बिहार के बक्सर जिले की दो सगी बहनों ने। बक्सर की इन दो बेटियों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित सीयूईटी-पीजी (CUET-PG) की परीक्षा में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पूरे देश में जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। देर रात जब परीक्षा के परिणाम घोषित हुए, तो जिले के मित्र कॉलोनी इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई।

देशभर में लहराया कामयाबी का परचम

इस प्रतिष्ठित परीक्षा में साक्षी मिश्रा ने पूरे भारत में तीसरा स्थान (All India Rank 3) हासिल किया है, वहीं उनकी छोटी बहन सलोनी मिश्रा भी पीछे नहीं रहीं और उन्होंने देशभर में पांचवा स्थान (All India Rank 5) प्राप्त किया है। एक ही घर की दो बेटियों की इस दोहरी सफलता ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे बिहार के लिए यह एक मिसाल बन गई है।

दोनों बहनें वर्तमान में देश के प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में अपनी पढ़ाई कर रही हैं। साक्षी मिश्रा दिल्ली के मशहूर दौलत राम कॉलेज की छात्रा हैं, जबकि सलोनी मिश्रा रामजस कॉलेज में पढ़ाई कर रही हैं। इन दोनों कॉलेजों की गिनती देश के बेहतरीन शिक्षण संस्थानों में होती है, और अब इन बेटियों ने अपनी रैंकिंग से यह साबित कर दिया है कि वे आने वाले समय में और भी ऊंचे मुकाम हासिल करेंगी।

राजनीतिक और सामाजिक हलकों में खुशी

साक्षी और सलोनी के पिता बजरंगी मिश्रा हैं, जो जनसुराज पार्टी के बक्सर जिलाध्यक्ष के रूप में सक्रिय हैं। अपनी बेटियों की इस कामयाबी पर गदगद बजरंगी मिश्रा ने बताया कि दोनों शुरू से ही पढ़ाई में काफी तेज रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटियों ने कभी भी मेहनत से जी नहीं चुराया और आज उसी का फल है कि वे नेशनल लेवल पर टॉपर्स की लिस्ट में शामिल हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के विश्वविद्यालयों में अब AI की होगी क्लास, कब से शुरू होंगे हाईटेक कोर्स
ये भी पढ़ें:कैसा था यूपी होमगार्ड परीक्षा का पेपर, भारी भीड़, गर्मी से अभ्यर्थी बेहाल
ये भी पढ़ें:BPSC 71वीं मेन्स परीक्षा का आगाज, पहले दिन निबंध का पेपेर; आसान था या मुश्किल

सलोनी का रहा है टॉपर्स से पुराना नाता

दिलचस्प बात यह है कि पांचवीं रैंक हासिल करने वाली सलोनी मिश्रा के लिए टॉपर बनना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश से 12वीं की परीक्षा दी थी, जिसमें उन्होंने पूरे प्रदेश में टॉप किया था। सलोनी की इस प्रतिभा के कायल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहे हैं। पिछले दिनों एक भव्य समारोह के दौरान सीएम योगी ने सलोनी को सम्मानित भी किया था। अब पीजी एंट्रेंस में उनकी इस सफलता ने उनके शैक्षणिक करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है।

बक्सर में जश्न का माहौल

जैसे ही यह खबर शहर में फैली, मित्र कॉलोनी स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बक्सर की मिट्टी में हमेशा से प्रतिभा रही है, लेकिन इन दो बहनों ने एक साथ नेशनल रैंक लाकर यह दिखा दिया कि लड़कियां अगर ठान लें, तो आकाश की बुलंदियों को छू सकती हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग दोनों बहनों की तस्वीर साझा कर उन्हें 'बिहार की शान' बता रहे हैं।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।