BSSC Vacancy : बिहार कर्मचारी चयन आयोग के जरिए होगी 45000 परिचारी के पदों पर भर्ती
बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने घोषणा की है कि कि शिक्षा विभाग में परिचारी के पद पर 45 हजार भर्ती की जाएगी। साथ ही सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के पद पर 935 नियुक्तियां भी जल्द होंगी।

बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने घोषणा की है कि कि शिक्षा विभाग में परिचारी के पद पर 45 हजार भर्ती की जाएगी। साथ ही सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के पद पर 935 नियुक्तियां भी जल्द होंगी। विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन उन्होंने कहा कि परिचारी और विद्यालय कार्यालय सहायक की नियुक्ति कर्मचारी चयन आयोग से होगी।
मिथिलेश तिवारी के अल्पसूचित प्रश्न के जवाब में मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता 45 हजार से अधिक शिक्षकों की बहाली है। इसके बाद विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। तब कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से परिचारी या लिपिकों की बहाली होगी। वैसे अनुकंपा के आधार पर इन पदों पर पांच हजार से अधिक बहाली हुई है। समीक्षा के बाद और बहाल किए जाएंगे।
विशेष शिक्षकों की वरीयता उनकी सेवा शुरू होने के दिन से ही तय होगी। अजय कुमार के अल्पसूचित प्रश्न के जवाब में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि विशिष्ट शिक्षकों को राज्य के सरकारी कर्मियों की तरह ही सभी सुविधाएं दी जा रही है। 90 फीसदी विशिष्ट शिक्षकों की वेतन विसंगतियों को दूर कर लिया गया है। राहुल कुमार के अल्पसूचित प्रश्न के जवाब में मंत्री ने कहा कि वित्त विभाग से परामर्श के बाद ही शिक्षकों को वेतन निर्धारित किया जाता है। डीबीटी से बकाया मिलने के कारण भ्रष्टाचार की बात बेमानी है।
स्वास्थ्य विभाग में 44 हजार 321 एएनएम की नियुक्ति होगी
स्वास्थ्य विभाग में अगले एक वर्ष के अंदर 44 हजार 321 एएनएम की नियुक्ति की जाएगी। इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 5006 एएनएम की बहाली भी शामिल है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मंगलवार को विप में स्वास्थ्य विभाग के बजट पर वाद-विवाद के बाद सरकार की तरफ से जवाब देते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 7468 एनएम की नियुक्ति की जा चुकी हैं। अभी विभिन्न संवर्ग के तहत 39 हजार 95 नियमित और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 5226 रिक्ति अर्थात कुल 44 हजार 321 पदों पर नियुक्ति प्रक्रियाधीन है।




साइन इन