BRABU : बीआरएबीयू में दाखिले के लिए आये 1.30 लाख आवेदन, 2.75 लाख सीटों पर होगा दाखिला
बीआरएबीयू में स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए आवेदन की मियाद सोमवार को पूरी हो गई। सोमवार शाम तक दाखिले के लिए 1 लाख 35 हजार आवेदन आये थे। स्नातक में इस वर्ष पौने तीन लाख सीटों पर दाखिला लिया जाएगा।

बीआरएबीयू में स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए आवेदन की मियाद सोमवार को पूरी हो गई। सोमवार शाम तक दाखिले के लिए 1 लाख 35 हजार आवेदन आये थे। स्नातक में इस वर्ष पौने तीन लाख सीटों पर दाखिला लिया जाएगा। डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि अभी स्नातक में आवेदन की तारीख बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं है। फिलहाल इतने आवेदन पर ही मेरिट लिस्ट निकाली जाएगी। अगले हफ्ते पहली लिस्ट जारी होने की उम्मीद है। पिछले वर्ष सत्र 2025-29 में बीआरएबीयू में 1 लाख 53 हजार छात्रों के आवेदन आये थे। बीआरएबीयू में स्नातक के दाखिले के लिए अभी पोर्टल पर 160 कॉलेज हैं।
स्नातक में इस बार 37 नए डिग्री कॉलेज जुड़े हैं। इसके अलावा 30 नए संबद्ध कॉलेजों को संबंधन के लिए राज्य सरकार के पास भेजा गया है। बिहार विश्वविद्यालय में हर साल डेढ़ से पौने दो लाख छात्रों का दाखिला होता है, लेकिन इस बार अधिक कॉलेज होने से ज्यादा नामांकन होने की उम्मीद है।
विवि में अबतक सबसे ज्यादा आवेदन बिहार बोर्ड से पास छात्रों के आए हैं। सीबीएसई का रिजल्ट देर से आने के कारण सीबीएसई के छात्रों का आवेदन कम हुआ है।
बिहार विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू ने बताया कि अभी पहली मेरिट लिस्ट के तहत नामांकन होगा। उसके बाद फिर दूसरी मेरिट लिस्ट निकाली जाएगी।
डीएसडब्ल्यू ने बताया कि स्नातक में अभी ऑनस्पॉट एडमिशन पर विचार नहीं किया जा रहा है।
गर्मी की छुट्टी में पीजी की चलेंगी ऑनलाइन कक्षाएं
बीआरएबीयू में गर्मी की छुट्टी में भी पीजी प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी। सिलेबस पूरा नहीं होने के कारण कक्षाएं करायी जाएंगी। डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि ऑनलाइन कक्षा के लिए आदेश मिल चुका है। इसे सभी विभागों में भेज दिया जाएगा। पीजी प्रथम सेमेस्टर सत्र 2025-27 की परीक्षा का फॉर्म विवि में भराया जा रहा है। पीजी प्रथम सेमेस्टर का सिलेबस पूरा नहीं होने और परीक्षा फॉर्म भराने की तारीख जारी करने से कई छात्र संगठनों ने इसका विरोध किया था। उनका कहना था कि बिना सेमेस्टर पूरा हुए परीक्षा फॉर्म कैसे भराया जा सकता है। इसके बाद विवि प्रशासन ने छात्रों की ऑनलाइन कक्षा चलाने का निर्देश दिया।




साइन इन