Bihar BEd : बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा 11 जिला मुख्यालयों में, BRABU कब कराएगा एंट्रेंस
बिहार में दो वर्षीय बीएड प्रवेश परीक्षा 11 जिला मुख्यालयों में अयोजित होगी। जिला मुख्यालयों पर ही परीक्षा केंद्र भी बनाए जाएंगे। परीक्षा सात या 14 जून को हो सकती है।

बिहार में दो वर्षीय बीएड प्रवेश परीक्षा 11 जिला मुख्यालयों में अयोजित होगी। जिला मुख्यालयों पर ही परीक्षा केंद्र भी बनाए जाएंगे। परीक्षा सात या 14 जून को हो सकती है। बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर मंगलवार को लोकभवन में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में बीआरएबीयू के राज्य नोडल अफसर प्रो. संजय कुमार शामिल हुए। बीआरएबीयू को बीएड प्रवेश परीक्षा का नोडल बनाया गया है।
लोकभवन में हुई बैठक में परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने का निर्देश दिया गया। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पुलिस की पुख्ता व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की आधार आधारित बायोमेट्रिक हाजिरी लगाई जाएगी। सभी केंद्रों पर जैमर लगाया जाएगा, वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। जिला मुख्यालयों में प्रवेश परीक्षा के लिए नोडल अफसर बनाए जाएंगे। परीक्षा की तारीख तय करने से पहले सभी विवि की परीक्षा का शेड्यूल ध्यान में रखा जाएगा। लोकभवन ने निर्देश दिया है कि बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर कमिश्नर और डीएम से लगातार बैठकें की जाएं और सभी गतिविधियों की जानकारी लोकभवन को भेजी जाए।
स्नातक में दाखिले के लिए बीआरएबीयू में 20 के बाद पोर्टल खोला जायेगा
डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि इंटर की मार्क्सशीट आने के बाद पोर्टल खोला जायेगा। छात्रों को पोर्टल पर 10 कॉलेज चुनने का विकल्प दिया जायेगा। अबतक छात्रों को पांच से छह कॉलेज चुनने का विकल्प मिलता रहा है। छात्रों को दिशा निर्देश दिया जायेगा कि वह अपने घर के आसपास के कॉलेज का ही विकल्प चुनें। विवि में स्नातक में हर साल डेढ़ लाख सीटों पर दाखिला लिया जाता है। इसबार स्नातक के पोर्टल पर 30 नये कॉलेज के जुड़ने की उम्मीद है।
पिछले वर्ष तक 130 कॉलेज पोर्टल पर थे। इस वर्ष 160 कॉलेजों में स्नातक का दाखिला होगा। स्नातक के अलावा वोकेशनल कोर्स में भी नामांकन की तैयारी शुरू कर दी गई है। सीसीडीसी प्रो. टीके डे ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शुरू करने के लिए फाइल तैयार की जा रही है। कुलपति के आदेश के बाद एक से दो हफ्ते में पोर्टल खोल दिया जायेगा। उधर, पीजी में चल रहे ऑनस्पाट दाखिले के दूसरे दिन भी पीजी विभागों में छात्रों की भीड़ रही।
कई विभागों ने छात्रों के आवेदन के बाद मेरिट लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की। पीजी में दाखिले के लिए सिफारिशी फोन भी विभागों में घनघनाते रहे। ऑनस्पाट एडमिशन की तारीख विवि प्रशासन ने 11 अप्रैल तक तय की है।




साइन इन