BRABU के सीनेट मीटिंग से पहले एजेंडा पर उठे सवाल, सीनेटर मनोज वत्स ने गंभीर आरोप लगाए
सीनेटर मनोज वत्स ने कहा है कि विश्वविद्यालय क्षेत्र में संचालित जिन महाविद्यालय की आधारभूत संरचना अपेक्षाकृत कमतर है उन्हें स्थाई तथा जिन कॉलेजों का इंफ्रास्ट्रक्चर तुलनात्मक रूप से बेहतर है उन्हें अस्थाई संबद्धता का प्रस्ताव दिया गया है।

BRABU News: बाबा साहब भीमराव अंबेडकर बिहार यूनिवर्सिटी के सीनेट की बैठक शनिवार को होने वाली है जिसमें विश्वविद्यालय के बजट पर चर्चा होगी। बैठक को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीनेट मीटिंग से पहले एजेंडा पर सवाल उठाए गए हैं। सीनेट सदस्य मनोज कुमार वत्स ने विश्वविद्यालय को पत्र लिखा है। उन्होंने विभिन्न महाविद्यालयों को स्थाई और अस्थाई एफीलिएशन दिए जाने में भेदभाव का आरोप लगाया है।
सीनेटर मनोज वत्स ने कहा है कि विश्वविद्यालय क्षेत्र में संचालित जिन महाविद्यालय की आधारभूत संरचना अपेक्षाकृत कमतर है उन्हें स्थाई तथा जिन कॉलेजों का इंफ्रास्ट्रक्चर तुलनात्मक रूप से बेहतर है उन्हें अस्थाई संबद्धता का प्रस्ताव दिया गया है। विश्वविद्यालय के मुख्यालय मुजफ्फरपुर स्थित कुछ शैक्षणिक संस्थानों को अस्थाई तो चंपारण के कुछ शैक्षणिक संस्थाओं को स्थाई संबद्धता देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें राजभवन द्वारा निर्धारित मानकों के समझौता किया गया है। कुछ संस्थाओं को एक सत्र तो कुछ को दो सत्र की संबद्धता देने का प्रस्ताव है। इसमें भी भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाए जाने का आरोप उन्होंने लगाया है। मनोज वत्स ने कहा है कि शनिवार को होने वाली सीनेट की मीटिंग में वह इन मुद्दों को जोर-जोर से उठाएंगे। इसके साथ-साथ विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव जल्द करने को लेकर सीनेटर मनोज वत्स विश्वविद्यालय के उच्च अधिकारियों से सवाल पूछेंगे।
सीनेट मीटिंग को लेकर सभी कर्मचारियों को काम आवंटित कर दिया गया है। बैठक सुबह 11 .30 बजे केंद्रीय पुस्तकालय स्थित सीनेट हॉल में होगी। सीनेट की बैठक में बीआरएबीयू का 1115 करोड़ का बजट पास किया जायेगा। यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 65 करोड़ रुपये अधिक है। इसके अलावा 60 कॉलेजों की संबद्धता पर भी मुहर लगायी जायेगी। सीनेट की बैठक में कॉलेजों में नये खुलने वाले वोकेशनल कोर्स को भी पास किया जायेगा इसके अलावा बज्जिका विषय की पढ़ाई को भी मंजूरी दी जायेगी। बज्जिका विषय की पढ़ाई को एकेडमिक काउंसिल से पास किया गया था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीनेट की मीटिंग में पहली बार मीडिया के प्रवेश पर रोक लगाने की तैयारी चल रही है। बैठक के बाद पदाधिकारी मीडिया को अलग से ब्रीफ करेंगे।
सीनेट से विश्वविद्यालय में खुलने वाले नाट्य कला के सिलेबस को भी मंजूरी दी जायेगी। सीनेट की बैठक को लेकर शुक्रवार को सिंडिकेट सदस्यों के साथ विश्वविद्यालय अधिकारियों ने बैठक की। इसके बाद अधिकारियों ने आयोजन स्थल का भी निरीक्षण किया। सीनेट की बैठक के हंगामेदार होने के आसार जताए गए हैं। इसे देखते हुए उचित संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया जाएगा। छात्र संगठन विरोध प्रदर्शन भी कर सकते हैं।




साइन इन