BPSSC Result 2026: BPSSC रिजल्ट आउट; बिहार को मिले 33 नए प्रवर्तन अवर निरीक्षक, बेटियों ने भी मारी बाजी
BPSSC Result 2026: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने ‘प्रवर्तन अवर निरीक्षक’ के 33 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है।

BPSSC Enforcement Sub-Inspector Final Result 2026: बिहार में सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं के लिए मंगलवार का दिन खुशियों भरा रहा। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने ‘प्रवर्तन अवर निरीक्षक’ के 33 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग द्वारा जारी किए गए इस परिणाम की सबसे खास बात यह रही कि विज्ञापित सभी 33 रिक्तियों को भर लिया गया है, यानी कोई भी पद खाली नहीं रहा।
चयनित अभ्यर्थियों कीडिटेल्स
इस भर्ती प्रक्रिया में लैंगिक समानता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया है। आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल चयनित 33 अभ्यर्थियों में से 22 पुरुष अभ्यर्थी ने अपनी जगह पक्की की है। वहीं 11 महिला अभ्यर्थी ने सफलता का परचम लहराया है। सभी श्रेणियों के पदों को उनकी पात्रता और मेरिट के आधार पर भरा गया है।
भर्ती प्रक्रिया का सफर
इस भर्ती की शुरुआत 28 मई 2025 को हुई थी, जब बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने विज्ञापन संख्या-03/2025 प्रकाशित किया था। तब से लेकर अब तक चयन की प्रक्रिया कई कड़े चरणों से होकर गुजरी है:
प्रारंभिक और मुख्य लिखित परीक्षा: सबसे पहले अभ्यर्थियों की बौद्धिक क्षमता को परखने के लिए प्रारंभिक और फिर मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित की गई।
शारीरिक जांच परीक्षा: लिखित परीक्षा में सफल होने वाले पात्र अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता और जांच परीक्षा के लिए बुलाया गया।
इंटरव्यू: शारीरिक रूप से फिट पाए गए उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया, जहां उनके व्यक्तित्व और विभाग के प्रति उनकी समझ का आकलन किया गया।
इन सभी चरणों में प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को ही फाइनल लिस्ट में स्थान मिला है।
अब आगे की कार्रवाई: नियुक्ति और योगदान
आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर ली है। अब इनकी नियुक्ति और सेवा में योगदान की आगे की औपचारिकताएं राज्य परिवहन आयुक्त, बिहार द्वारा पूरी की जाएंगी।सफल अभ्यर्थियों को जल्द ही विभाग द्वारा नियुक्ति पत्र और योगदान की तिथि के संबंध में सूचित किया जाएगा। प्रवर्तन अवर निरीक्षक के रूप में ये नवनियुक्त अधिकारी राज्य के परिवहन नियमों को लागू करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सफल अभ्यर्थियों को सलाह
जिन अभ्यर्थियों का चयन इस सूची में हुआ है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे अपने सभी ओरिजनल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और चरित्र प्रमाण पत्र तैयार रखें, क्योंकि नियुक्ति के समय इनकी गहनता से जांच की जाएगी। साथ ही, आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी रैंक और रोल नंबर का मिलान एक बार फिर से जरूर कर लें।




साइन इन