BPSC TRE 4 Vacancy : चौथी बिहार शिक्षक भर्ती 11वीं 12वीं में केमिस्ट्री में सबसे अधिक पद, पटना सबसे कठिन
Bihar BPSC TRE 4 Vacancy 2026 : शिक्षा विभाग टीआरई 4 में 45,198 पदों पर भर्ती करेगा। पटना जिले में कम सीटें हैं। इंटर में सबसे अधिक 16,774 पद हैं। रसायन शास्त्र में सबसे ज्यादा 3811 रिक्तियां हैं।

बिहार में बीपीएससी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण में सबसे अधिक वैकेंसी उच्च माध्यमिक में होगी। उच्च माध्यमिक के अलग-अलग विषयों को मिलाकर करीब 16,774 पदों पर भर्ती होगी। इसमें सबसे अधिक सीटें रसायन शास्त्र विषय में हैं। इसमें 3811 रिक्तियां हैं। दूसरे स्थान पर मनोविज्ञान विषय में 1775 रिक्तियां है। भौतिकी विषय में 1718 रिक्तियां हैं। अंग्रेजी विषय में भी 1358 और वनस्पति विज्ञान में 1176 सीटें हैं। शेष अन्य विषयों में हजार से नीचे रिक्तियां हैं।
जानकारी के अनुसार प्राइमरी (कक्षा 1-5) में 10,778 पद, मिडिल (कक्षा 6-8) 8,563 पद, हाईस्कूल (कक्षा 9-10) 9,083 पद और इंटर 16,774 पद (सबसे अधिक) सीटें हैं।
चौथे चरण में शिक्षा विभाग में कुल 45,198 रिक्तियां भेजी हैं। अन्य विभागों को मिलाकर कुल 46 हजार रिक्तियों पदों पर बहाली होगी। प्राइमरी स्कूलों में कुल 10,778 पद हैं। इसमें सामान्य विषय 7184, उर्दू में 3559 और बांग्ला में 35 रिक्तियां हैं। मिडिल स्कूल में 8563 शिक्षकों की बहाली होगी। यहां गणित-विज्ञान के 2188 पद सबसे अधिक हैं। हाईस्कूल (9–10) और प्लस टू को मिलाकर कुल 25,804 शिक्षकों के पद हैं।
पटना जिला अभ्यर्थियों के लिए सबसे कठिन
पटना जिला अभ्यर्थियों के लिए सबसे कठिन माना जा रहा है। अधिकांश विषयों में सीटें लगभग भरी हुई हैं। इंटर में केमिस्ट्री के 72, फिजिक्स के 35, राजनीतिशास्त्र के 14, अंग्रेजी के 34, हिन्दी के 21, संस्कृत के 31 और उर्दू के 52 पद ही उपलब्ध हैं। जिले में क्लास 9-10 में संस्कृत में 71 पद खाली हैं। उर्दू के 31, सामाजिक विज्ञान के 4 और संगीत के 14 टीचर की भर्ती होगी। बाकी अन्य सभी विषय की सीटें फुल हैं।
किस विषय में कितने पद
इंटर/10+2 : 16,774 पद
केमिस्ट्री : 3811 पद
मनोविज्ञान : 1775 पद
फिजिक्स : 1718 पद
अंग्रेजी : 1358 पद
बॉटनी : 1176 पद
प्राइमरी में 10,778 पदों में
सामान्य विषय : 7184
उर्दू : 3559
बांग्ला : 35
मार्च से शुरू होगी आवेदन की दौड़
बीपीएससी सचिव ने स्पष्ट किया है कि भर्ती की प्रक्रिया बहुत जल्द शुरू होने वाली है। मार्च महीने में नोटिफिकेशन जारी होते ही ऑनलाइन आवेदन का पोर्टल खोल दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी शैक्षणिक और आरक्षित श्रेणी के डॉक्यूमेंट तैयार रखें। इस बहाली से राज्य के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। यह भर्ती उन लाखों युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है जो बिहार की शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनकर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं।




साइन इन