Bihar Board 12th Exam : बिहार बोर्ड परीक्षा के पहले दिन 26 छात्र निष्कासित, कई जगह रोती दिखीं छात्राएं
बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा के पहले दिन सोमवार को कदाचार में शामिल 26 परीक्षार्थियों को निष्कासित कर दिया गया। वहीं दूसरे के बदले परीक्षा देने वाला एक मुन्ना भाई भी पकड़ाया। कुल आठ जिले से इतने परीक्षार्थी निष्कासित हुए हैं।

बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा के पहले दिन सोमवार को कदाचार में शामिल 26 परीक्षार्थियों को निष्कासित कर दिया गया। वहीं दूसरे के बदले परीक्षा देने वाला एक मुन्ना भाई भी पकड़ाया। कुल आठ जिले से इतने परीक्षार्थी निष्कासित हुए हैं। इनमें सबसे अधिक 13 परीक्षार्थी नवादा जिले में निष्कासित किए गए हैं। इसके अलावे गया से 1, जहानाबाद से 3, गोपालगंज से 3, मधेपुरा से 2, भागलपुर से 2,अररिया से 1 और कटिहार से 1 परीक्षार्थी का कदाचार में शामिल होने पर निष्कासन किया गया। वहीं शेखपुरा जिले से 1 मुन्ना भाई पकड़ा गया, जिसे निष्कासित किया गया। मालूम हो कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 कड़ी निगरानी में हो रही है। दो स्तरों पर परीक्षार्थियों की तलाशी ली जा रही है। सीसीटीवी की निगरानी भी है।
जिले में पहली पाली में 98.55 और दूसरी में 97.17% अनुपस्थित
पटना जिले में पहले दिन एक भी परीक्षार्थी का निष्कासन नहीं हुआ। पहली पाली में जिले में 98.55% उपस्थिति रही। तो वहीं दूसरी पाली की परीक्षा में 97.17% उपस्थिति रही। पहली पाली में 27119 परीक्षार्थी को शामिल होना था,जिनमें से 26727 परीक्षार्थी शामिल हुए। 392 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा में 7006 को शामिल होना था, 6808 परीक्षार्थी शामिल हुए। 198 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कुल मिलाकर पहले दिन पटना में 590 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
वहीं बोर्ड ने स्पष्ट कहा है विलंब से पहुंचने पर प्रवेश द्वार या चहारदिवारी फांद अवैध तरीके से प्रवेश लेने पर कार्रवाई होगी। ऐसे परीक्षार्थियों को दो साल के लिए निष्कासित किया जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने केंद्रों का जायजा लिया
पटना। बीएसईबी के अध्यक्ष आनंद किशोर ने सोमवार को दोनों पालियों में पटना जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। वह राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, शास्त्रीनगर, राजकीय बालक उच्च विद्यालय, शास्त्रीनगर, केबी सहाय उच्च विद्यालय, शेखपुरा, राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, गर्दनीबाग, कमला नेहरू बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, यारपुर आदि स्कूलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा हॉल में जाकर कुछ परीक्षार्थियों से प्रश्नपत्र के स्तर के बारे में बातचीत की और कुछ छात्रों की तलाशी भी करवाई। समिति के निर्देशों का पालन करते हुए अध्यक्ष ने निरीक्षण के दौरान विजिटर रजिस्टर में हस्ताक्षर किए फिर अंदर गए।
देरी से पहुंचे विद्यार्थियों को नहीं मिला प्रवेश
पहले दिन सोमवार को पटना के 84 समेत राज्यभर के 1762 केंद्रों पर इंटर की परीक्षा शांतिपूर्ण रही। पहली पाली में 9:30 से 12:45 बजे तक जीवविज्ञान और दर्शनशास्त्र और दूसरी पाली में दोपहर 2 से 5:15 बजे तक अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। दोनों पालियों में कुल 5,62,281 परीक्षार्थियों को उपस्थित होना था। विलंब से पहुंचने के कारण कई परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं मिला।
‘प्लीज गेट खोलिए सर’ ...
बहुत से जिलों के विभिन्न केंद्रों पर कुछ मिनटों की देरी से पहुंचीं छात्राएं एंट्री न मिलने पर रोती बिलखती दिखीं। विलंब से पहुंचे परीक्षार्थी काफी देर तक प्रवेश द्वार को खोलने के लिए गुहार लगाते रहे। ‘सर प्लीज गेट खोलिए, जाम में फंसे थे’ ‘सर गेट खोलिए परीक्षा केन्द्र खोजने में परेशानी हुई, इसलिए लेट हो गया’ कह कर गेट खोलने के लिए कहते रहे। लेकिन बोर्ड के सख्त नियम के आगे उन्हें वापस होना पड़ा। बोर्ड की ओर से निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील के बावजदू 10-10 मिनट विलंब से परीक्षार्थी केन्द्र पर पहुंचे।
गेट फांदने की कोशिश, बांकीपुर में एक छात्रा चोटिल
विलंब से पहुंचे परीक्षार्थियों ने अवैध तरीके से प्रवेश लेने की कोशिश की। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बांकीपुर में तीन छात्राओं ने प्रवेश नहीं मिलने पर प्रवेश द्वार फांदने की कोशिश की। प्रवेश द्वार से परिसर के अंदर छलांग लगाने के क्रम में एक छात्रा को चोट आई। सुरक्षा कर्मियों ने छात्राओं को रोक लिया।
कमला नेहरू के पास डीईओ की गाड़ी रुकवाकर हंगामा
कमला नेहरू बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गर्दनीबाग जिसे आदर्श बालिका परीक्षा केन्द्र बनाया गया था, वहां भी कुछ छात्राओं को विलंब से आने के बाद प्रवेश नहीं मिला। छात्राएं जोर-जोर से गेट पीटती रहीं। केन्द्र पर आए पटना डीईओ की गाड़ी भी बढ़ने नहीं दी, हंगामा किया।
परीक्षार्थियों ने उनकी गाड़ी रुकवाई और प्रवेश दिलाने की गुहार भी लगाई। एक छात्रा ने कहा कि प्रवेश पत्र पर परीक्षा केन्द्र के लोकेशन में कन्फ्यूजन होने के कारण विलंब हुआ।
आज गणित, राजनीति विज्ञान और फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा
मंगलवार को पहली पाली में कला और विज्ञान संकाय के परीक्षार्थियों के लिए गणित और दूसरी पाली में कला संकाय के परीक्षार्थियों के लिए राजनीति शास्त्र और वोकेशनल के लिए फाउंडेशन कोर्स विषय की परीक्षा होगी।




साइन इन