अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले और ट्रंप के नए टैरिफ से टेक्सटाइल स्टॉक्स में हलचल
Textile Stocks: गोकलदास एक्सपोर्ट्स का शेयर 3 प्रतिशत गिरकर एनएसई पर 766.25 रुपये के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि इंडो काउंट और केपीआर मिल के शेयरों में 1.3 प्रतिशत तक की गिरावट आई। दूसरी ओर, काइटेक्स गारमेंट्स के शेयर में 11 प्रतिशत की जोरदार उछाल आई और यह 206 रुपये पर पहुंच गया।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले और ट्रंप के नए पैंतरे के बाद टेक्सटाइल शेयरों में सोमवार को मिलाजुला कारोबार देखने को मिला। गोकलदास एक्सपोर्ट्स का शेयर 3 प्रतिशत गिरकर एनएसई पर 766.25 रुपये के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि इंडो काउंट और केपीआर मिल के शेयरों में 1.3 प्रतिशत तक की गिरावट आई। इस गिरावट की मुख्य वजह टैरिफ के प्रभाव को लेकर बनी अनिश्चितता बताई जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, काइटेक्स गारमेंट्स के शेयर में 11 प्रतिशत की जोरदार उछाल आई और यह 206 रुपये के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गया। वेलस्पन लिविंग और पर्ल ग्लोबल के शेयरों में भी कारोबारी दौरान 4 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का फैसला और नए टैरिफ की घोषणा
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को अवैध करार देते हुए कहा कि उन्होंने अपने अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन किया है। हालांकि, ट्रेड डील को लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। भारत सरकार ने कहा है कि वह अदालत के इस फैसले के असर का अध्ययन कर रही है।
फैसले के बाद ट्रंप के नए पैंतरे
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शुक्रवार को ट्रंप ने 10 प्रतिशत वैश्विक टैरिफ लगाने की घोषणा की, जिसे शनिवार को संशोधित कर 15 प्रतिशत कर दिया गया। व्हाइट हाउस के अनुसार, यह नया टैरिफ 24 फरवरी को सुबह 12:01 बजे (ईटी) से प्रभावी होगा। ट्रंप ने कहा कि वह 1974 के ट्रेड एक्ट की धारा 122 का सहारा ले रहे हैं, जो एक विरले ही इस्तेमाल किए जाने वाला प्रावधान है।
यह राष्ट्रपति को भुगतान संतुलन की "बड़ी और गंभीर" समस्याओं से निपटने के लिए अधिकतम 150 दिनों तक 15 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की अनुमति देता है। इसके लिए किसी पूर्व जांच की आवश्यकता नहीं होती, हालांकि 150 दिनों से आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी।
द इकनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप ने जोर देकर कहा कि उनका व्यापक टैरिफ ढांचा बरकरार है। उन्होंने कहा, "ये सभी टैरिफ जारी रहेंगे। फैसले के बाद भी ये सभी लागू रहेंगे।"
ट्रंप ने आगे कहा, "सभी राष्ट्रीय सुरक्षा टैरिफ, धारा 232 और मौजूदा धारा 301 टैरिफ तत्काल प्रभाव से लागू रहेंगे और पूरी तरह प्रभावी होंगे। मैं धारा 122 के तहत 10 प्रतिशत वैश्विक टैरिफ लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर करूंगा, जो हमारे सामान्य टैरिफ के अतिरिक्त होगा।"
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता स्थगित
इस बीच, टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारत और अमेरिका ने अपने मुख्य व्यापार वार्ताकारों के बीच होने वाली एक अहम बैठक को स्थगित कर दिया है। यह बैठक इस सप्ताह वाशिंगटन में होनी थी। सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इस बैठक में प्रस्तावित अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते के कानूनी पाठ को अंतिम रूप दिया जाना था। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन को करना था और वे अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर के साथ चर्चा के लिए अमेरिकी राजधानी रवाना होने वाले थे।
सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी
दूसरी ओर, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ को खारिज किए जाने के बाद सोमवार को भारत के बेंचमार्क इंडेक्स में तेजी आई। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 600 अंक से अधिक चढ़कर 83,462 के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 150 अंक से अधिक की बढ़त के साथ 25,750 के स्तर से ऊपर पहुंचा था।




साइन इन