इंडिगो ने फिर शुरू की दुबई की उड़ान, तनाव के बीच ट्रैक पर लौट रही फ्लाइट सर्विस
बता दें कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष और हवाई क्षेत्र के प्रतिबंधों के कारण विमानन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इस अवधि के दौरान अब तक लगभग 2.6 लाख लोग पश्चिम एशिया से भारत लौट चुके हैं।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच एयरलाइन कंपनियां सीमित और चरणबद्ध तरीके से अपनी उड़ानों का संचालन कर रही हैं। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने बुधवार को दुबई के लिए अपनी सेवाएं फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस बृहस्पतिवार (19 मार्च) को पश्चिम एशिया के लिए कुल 48 उड़ानों का संचालन करेंगी। एयर इंडिया के आधिकारिक बयान के अनुसार, गुरुवार को कुल 48 उड़ानें संचालित की जाएंगी। इनमें 16 नियमित और 32 विशेष उड़ानें शामिल होंगी, जो दुबई के लिए भी उपलब्ध रहेंगी।
इंडिगो ने क्या कहा?
इसके अलावा, इंडिगो ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जानकारी दी कि दुबई नागर विमानन प्राधिकरण के ताजा दिशानिर्देशों के बाद 18 मार्च को स्थानीय समयानुसार शाम चार बजे से दुबई के लिए उड़ानें बहाल कर दी गई हैं। इंडिगो एयरलाइन के यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है। एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए संपर्क केंद्र पर विशेष सहायता डेस्क भी उपलब्ध कराया है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी फैसले यात्रियों व क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिए जा रहे हैं।
अकासा एयर का भी ऐलान
अकासा एयर ने भी सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद चुनिंदा सेवाएं शुरू करने की घोषणा की है। एयरलाइन के अनुसार, रियाद और मुंबई के बीच उड़ानें आज से शुरू हो जाएंगी, जबकि जेद्दा से अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, कोच्चि और कोझिकोड के लिए सेवाएं जारी रहेंगी। हालांकि, अबू धाबी, दोहा और कुवैत के लिए कंपनी की उड़ानें 21 मार्च तक निलंबित रहेंगी। बता दें कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष और हवाई क्षेत्र के प्रतिबंधों के कारण विमानन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इस अवधि के दौरान अब तक लगभग 2.6 लाख लोग पश्चिम एशिया से भारत लौट चुके हैं।
रेटिंग एजेंसी इक्रा की इंडिगो पर नजर
इस बीच, रेटिंग एजेंसी इक्रा ने इंडिगो की लॉन्ग टर्म रेटिंग को नकारात्मक कारकों के मद्देनजर निगरानी में रखा है। एजेंसी ने बताया बुधवार को जारी रिपोर्ट में इंडिगो की लॉन्ग टर्म रेटिंग'एए' बनाए रखी है लेकिन पश्चिम एशिया संकट के कारण हवाई क्षेत्रों संबंधी प्रतिबंधों और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को जैसे नकारात्मक कारकों को देखते हुए उसे निगरानी में रखने की घोषणा की है। वहीं, शॉर्ट टर्म रेटिंग को ए1प्लस पर बरकरार रखा गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनैतिक संघर्ष के कारण इंडिगो के परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन पर दबाव की आशंका है।




साइन इन