दिग्गज टेलीकॉम कंपनी ने एनर्जी फर्म में निवेश का किया ऐलान, ₹14 से कम का शेयर
टेलीकॉम कंपनी कम से कम 26% हिस्सेदारी हासिल करने के लिए ₹4.33 करोड़ का निवेश करेगी। वोडाफोन-आइडिया ने कहा कि इस निवेश का मकसद बिजली अधिनियम, 2003 के तहत कैप्टिव पावर प्लांट के लिए जरूरी रेगुलेटरी जरूरतों को पूरा करना है।

Vodafone Idea share: टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन-आइडिया ने अपनी कैप्टिव बिजली खपत के लिए रिन्यूएबल एनर्जी खरीद रणनीति के तहत MTK क्वांटम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में निवेश करेगी। जानकारी के मुताबिक टेलीकॉम कंपनी कम से कम 26% हिस्सेदारी हासिल करने के लिए ₹4.33 करोड़ का निवेश करेगी।
वोडाफोन-आइडिया ने कहा कि उसने MTK क्वांटम ग्रीन एनर्जी में 26% से कम नहीं बल्कि उससे ज्यादा पेड-अप इक्विटी शेयर पूंजी हासिल करने के लिए एक पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) और एक शेयर परचेज एग्रीमेंट किया है। बता दें कि MTK क्वांटम ग्रीन एनर्जी एक स्पेशल पर्पस व्हीकल है जिसे एक कैप्टिव पावर प्लांट का मालिकाना हक रखने और उसे चलाने के लिए बनाया गया है।
क्या है मकसद?
वोडाफोन-आइडिया ने कहा कि इस निवेश का मकसद बिजली अधिनियम, 2003 के तहत कैप्टिव पावर प्लांट के लिए जरूरी रेगुलेटरी जरूरतों को पूरा करना है। इसके साथ ही कम लागत वाली रिन्यूएबल एनर्जी हासिल करने में भी मदद करना है। कंपनी अगले छह महीनों में एक या ज्यादा किस्तों में MTK क्वांटम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में ₹4.33 करोड़ का निवेश करेगी। यह अधिग्रहण नकद भुगतान के जरिए पूरा किया जाएगा।
बता दें कि MTK क्वांटम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड अभी श्री MTK टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड की एक सहायक कंपनी है। यह इकाई तमिलनाडु में एक कैप्टिव सोलर एनर्जी प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया में है और इसे सोलर और विंड एनर्जी जनरेट, संचारित और वितरित करने के लिए बनाया गया था। वोडाफोन-आइडिया ने स्पष्ट किया कि यह अधिग्रहण संबंधित-पक्ष लेनदेन की श्रेणी में नहीं आता है और न ही प्रमोटर समूह या समूह की कंपनियों का इस लक्ष्य इकाई में कोई हित है।
वोडाफोन-आइडिया का क्या है प्लान?
वोडाफोन आइडिया ने अगले तीन साल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जुटाने के लिए अपने कैश फ्लो को तिगुना करने, नए लोन जुटाने, टैक्स रिफंड और प्रवर्तकों से पूंजी निवेश पर भरोसा जताया है। कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) तेजस मेहता ने तिमाही नतीजों पर चर्चा के दौरान कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 से 2028-29 के दौरान कर-पूर्व आय के रूप में 60,000 करोड़ रुपये की नकदी हासिल करने का लक्ष्य रखती है। कंपनी ने नेटवर्क सुधार और प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए 45,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की योजना बनाई है।
इसके अलावा, अगले तीन वर्षों में कंपनी को 49,000 करोड़ रुपये का स्पेक्ट्रम भुगतान और 5,000-6,000 करोड़ रुपये का कर्ज सेवा भुगतान करना होगा।
शेयर का परफॉर्मेंस
वोडाफोन-आइडिया के शेयर बुधवार के सत्र में ₹13.56 पर बंद हुए। पिछले एक महीने में इस शेयर में 43% से ज्यादा की बढ़त हुई है और पिछले एक साल में इसने 107% का रिटर्न दिया है।




साइन इन