मई की सैलरी में कई महीनों का DA एरियर… इन सरकारी कर्मचारियों के लिए तोहफा
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए 5वें, 6वें और 7वें वेतन आयोग के तहत लंबित महंगाई भत्ता (DA) एरियर जारी करने को मंजूरी दे दी है। नवंबर और दिसंबर 2025 के अलावा जनवरी 2026 के लंबित डीए एरियर का भुगतान मई 2026 के वेतन के साथ किया जाएगा।

केंद्र के बाद अब राज्य सरकारें भी अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते यानी डीए के मोर्चे पर खुशखबरी दे रही हैं। इसी कड़ी में महाराष्ट्र सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए 5वें, 6वें और 7वें वेतन आयोग के तहत लंबित महंगाई भत्ता (DA) एरियर जारी करने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से राज्य सरकार पर करीब 800 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
बता दें कि नवंबर और दिसंबर 2025 के अलावा जनवरी 2026 के लंबित डीए एरियर का भुगतान मई 2026 के वेतन के साथ किया जाएगा। महाराष्ट्र वित्त विभाग ने इस संबंध में तीन अलग-अलग सरकारी प्रस्ताव जारी किए हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र सरकार ने महंगाई भत्ता और राहत में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी है। संशोधित दरें 1 जनवरी 2026 से लागू होंगी। इसके बाद व्यक्तिगत और पारिवारिक पेंशनर्स को 60 प्रतिशत DA/DR का लाभ मिलेगा।
एनपीएस पर फैसला
हाल ही में महाराष्ट्र सरकार ने मौजूदा राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों के लिए संशोधित एनपीएस को वैकल्पिक बना दिया है। एक सर्कुलर के मुताबिक उन सरकारी कर्मचारियों के लिए संशोधित राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के कार्यान्वयन की विस्तृत प्रक्रिया बताई गई है जो इसे अपनाने का विकल्प चुनते हैं। इसमें स्पष्ट किया गया कि यह योजना केवल उन्हीं पर लागू होगी जो निर्धारित समयसीमा के भीतर विकल्प का प्रयोग करेंगे।
सरकार ने पहले पात्र और इच्छुक कर्मचारियों को 31 दिसंबर 2026 तक संशोधित योजना में शामिल होने का विकल्प देने की अनुमति दी थी। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने कुछ वर्ष पहले केंद्र की एकीकृत पेंशन योजना (यूपीएस) के अनुरूप राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए संशोधित एनपीएस लागू करने को मंजूरी दी थी।
केंद्रीय कर्मचारियों को भी मिलेगा डीए एरियर
आपको बता दें कि अगले कुछ महीने में केंद्रीय कर्मचारियों को भी डीए एरियर मिलेगा। दरअसल, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर डीए बढ़ोतरी की जाती है। यह बढ़ोतरी साल में दो बार की जाती है। पहली छमाही का डीए आमतौर पर मार्च में मिल जाता है लेकिन इस बार देरी हुई और अप्रैल के महीने में ऐलान हुआ। अब दूसरी छमाही का डीए सितंबर- अक्टूबर 2026 तक मिलने की संभावना है। चूंकि जुलाई 2026 से डीए बढ़ोतरी होती है तो ऐसे में एरियर बकाया का भुगतान सितंबर या अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। केंद्रीय कर्मचारियों का डीए एरियर जुलाई, अगस्त और सितंबर या अक्टूबर तक का मिल सकता है।




साइन इन