रॉकेट बने इस टेलीकॉम कंपनी के शेयर, स्टॉक में 10% की जबरदस्त तेजी; लेकिन अब ब्रोकरेज ने दी ये बड़ी चेतावनी!
Vodafone Idea share price: Vi के शेयर में हाल ही में करीब 10% की तेजी देखने को मिली, जिसका मुख्य कारण AGR राहत की उम्मीद और फंडिंग सपोर्ट है। हालांकि, ब्रोकरेज फर्म्स अब भी सतर्क हैं और भारी कर्ज, कमजोर फंडामेंटल्स और कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए 44% तक गिरावट की आशंका जता रहे हैं।

Vodafone Idea share price: टेलीकॉम सेक्टर की कंपनी Vi (Vodafone Idea) के शेयरों में हाल ही में जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जहां स्टॉक करीब 10% तक चढ़ गया और ₹11.83 के स्तर तक पहुंच गया। इस तेजी की बड़ी वजह सरकार की ओर से संभावित AGR राहत और प्रमोटर कंपनी वोडाफोन ग्रुप (Vodafone Group) की तरफ से मिले ₹5,836 करोड़ के निवेश को माना जा रहा है। खबरों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने कंपनी के AGR (Adjusted Gross Revenue) बकाया पर 5 साल का मोरेटोरियम देने की मंजूरी दे दी है, जिससे फिलहाल कंपनी पर नकदी का दबाव काफी कम हो सकता है। इतना ही नहीं, दूरसंचार विभाग (DoT) एक कमेटी बनाकर AGR ड्यूज की दोबारा गणना भी कर सकता है, जिसमें ब्याज और पेनल्टी में राहत मिलने की उम्मीद है। इन सकारात्मक खबरों के चलते निवेशकों का भरोसा बढ़ा और शेयर में तेजी आई है।
हालांकि, जहां एक तरफ बाजार में पॉजिटिव माहौल बना हुआ है, वहीं ब्रोकरेज फर्म एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज (Emkay Global Financial Services) ने इस स्टॉक को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। Emkay का मानना है कि मौजूदा तेजी के बावजूद Vi के शेयर में अभी भी करीब 44% तक गिरावट की संभावना बनी हुई है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह कंपनी का भारी कर्ज है, जो अब भी करीब ₹2 लाख करोड़ के आसपास बना हुआ है। AGR राहत से भले ही थोड़ी राहत मिली हो, लेकिन यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।
इसके अलावा कंपनी को टेलीकॉम सेक्टर में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है, खासकर जिओ (Reliance Jio) और एयरटेल (Bharti Airtel) जैसी मजबूत कंपनियों से। इन कंपनियों के मुकाबले Vi (Vodafone Idea) का नेटवर्क विस्तार और 5G रोलआउट अभी काफी पीछे है, जिससे ग्राहकों को बनाए रखना भी चुनौती बनता जा रहा है।
एक्सपर्ट का मानना है कि कंपनी के लिए फंड जुटाना, नेटवर्क में निवेश बढ़ाना और कर्ज को कम करना सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। अगर ये तीनों मोर्चों पर सुधार नहीं होता है, तो शेयर में मौजूदा तेजी टिक नहीं पाएगी।
आपको बता दें कि वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) को सरकार ने हाल ही में बड़ी राहत देते हुए कंपनी के एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) बकाया को घटाकर ₹87,695 करोड़ से ₹64,046 करोड़ कर दिया गया है, यानी करीब ₹23,000 करोड़ की राहत दी गई है। यह फैसला भारत के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद लिया गया, जिसमें टेलीकॉम कंपनियों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए AGR की गणना की समीक्षा करने को कहा गया था।
सिर्फ बकाया कम करना ही नहीं, बल्कि भुगतान की समयसीमा में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब कंपनी को तुरंत पैसे चुकाने की जरूरत नहीं होगी। नई व्यवस्था के तहत वित्त वर्ष 2032 (FY32) से अगले 4 साल तक हर साल कम से कम ₹100 करोड़ का भुगतान करना होगा। इसके बाद बाकी रकम को वित्त वर्ष 2036 से 2041 के बीच 6 बराबर किस्तों में चुकाया जाएगा।
शेयर में बंपर उछाल
आज 4 मई 2026 को मार्केट खुलते ही वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (Vodafone Idea Limited) के शेयर में उछाल देखने को मिली। खबर लिखे जाते समय ये स्टॉक NSE पर 4.11% उछलकर ₹10.64 पर कारोबार कर रहा था।




साइन इन