500 रुपये के पार जा सकता है टाटा का यह शेयर, 12 मई को बोर्ड बैठक पर नजर
टाटा पावर के शेयर की बात करें तो 436 रुपये पर है। ब्रोकरेज सिटी का अनुमान है कि शेयर 525 रुपये तक जा सकता है। टाटा पावर का बोर्ड वित्तीय वर्ष 2025-26 (FY26) की चौथी तिमाही के वित्तीय नतीजों पर विचार करने और उन्हें मंजूरी देने के लिए 12 मई को बैठक करेगा।

बाजार में सुस्ती के बीच शुक्रवार को टाटा की कंपनी टाटा पावर के शेयर भी बिकवाली मोड में नजर आए। हालांकि, इस शेयर को लेकर ब्रोकरेज सिटी ने एक नया टारगेट प्राइस दिया है। सिटी का टारगेट प्राइस कंपनी के शेयर की वर्तमान कीमत से करीब 90 रुपये अधिक है। आइए डिटेल जान लेते हैं।
अभी कितनी है कीमत?
टाटा पावर के शेयर की बात करें तो वर्तमान में यह 436 रुपये पर है। वहीं, ब्रोकरेज सिटी का अनुमान है कि शेयर 525 रुपये तक जा सकता है। शेयर के 52 हफ्ते के हाई और लो की बात करें तो 464.80 रुपये और 342.35 रुपये है। इसी साल शेयर के ये दोनों भाव थे। इस लिहाज से ब्रोकरेज सिटी ने जो टारगेट प्राइस तय किया है वो 52 हफ्ते के हाई से अधिक है। सिटी ने कहा कि भारत का पावर सेक्टर अपने पहले मल्टी-वेक्टर कैपेक्स अपसाइकिल का अनुभव कर रहा है, जिसमें थर्मल, रिन्यूएबल, ट्रांसमिशन और ग्रिड स्टोरेज शामिल हैं। उम्मीद है कि मध्यम अवधि में बिजली की मांग 5-6 प्रतिशत की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ेगी।
12 मई को है बैठक
बता दें कि टाटा पावर का बोर्ड वित्तीय वर्ष 2025-26 (FY26) की चौथी तिमाही के वित्तीय नतीजों पर विचार करने और उन्हें मंजूरी देने के लिए 12 मई को बैठक करेगा। बीते 22 अप्रैल को कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को यह जानकारी दी। इसके अनुसार, बैठक में बोर्ड फाइनल डिविडेंड की सिफारिश भी कर सकता है।
कंपनी ने एक्सचेंज में दी गई जानकारी में कहा- बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की एक बैठक मंगलवार, 12 मई 2026 को होगी। इस बैठक में अन्य बातों के अलावा, कंपनी के ऑडिट किए गए वित्तीय नतीजों (स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड दोनों) पर विचार किया जाएगा और उन्हें मंजूरी दी जाएगी।
टाटा पावर, डीजीपीसी के बीच समझौता
टाटा पावर और भूटान की ड्रुक ग्रीन पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीजीपीसी) अपने मौजूदा क्लीन एनर्जी सहयोग के तहत पड़ोसी देश में अतिरिक्त 404 मेगावाट की हाइड्रोइलेक्ट्रिसिटी परियोजना विकसित करेंगे। मूल समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर 19 नवंबर 2024 को हस्ताक्षर किए गए थे। इसके तहत दोनों पक्षों ने भूटान में कम से कम 4,500 मेगावाट हाइड्रोइलेक्ट्रिसिटी परियोजनाओं के विकास पर सहयोग करने पर सहमति जताई थी।
टाटा पावर ने बताया कि उसने भूटान में अपने स्वच्छ ऊर्जा सहयोग का विस्तार करने के लिए डीजीपीसी के साथ समझौता ज्ञापन में संशोधन पर हस्ताक्षर किए हैं। संशोधन के तहत, 404 मेगावाट की नई न्येरा अमारी I एवं II हाइड्रोइलेक्ट्रिसिटी प्रोजेक्ट को मौजूदा परियोजना सूची में जोड़ा गया है। इसके साथ ही साझेदारी के तहत कुल हाइड्रोइलेक्ट्रिसिटी क्षमता 4,500 मेगावाट से बढ़कर 5,033 मेगावाट हो गई है। यह भूटान के ऊर्जा क्षेत्र के 2040 तक कुल उत्पादन क्षमता 25,000 मेगावाट तक पहुंचाने के लक्ष्य के अनुरूप है।




साइन इन