हर शेयर पर डिविडेंड बांट रही टाटा की यह कंपनी, तिमाही नतीजों ने किया गदगद
टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 419 करोड़ रुपये रहा। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के बोर्ड ने FY26 के लिए प्रति शेयर 10 रुपये के डिविडेंड की भी सिफारिश की है।

Tata Consumer Products share: टाटा समूह की कंपनी- टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 419 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले साल की इसी तिमाही में दर्ज 345 करोड़ रुपये के मुकाबले 21% अधिक था। वहीं, कंपनी ने ऑपरेशंस से होने वाले रेवेन्यू को सालाना आधार पर 18% बढ़ा दिया है और यह 5,434 करोड़ रुपये हो गया।
पूरे FY26 के लिए टाटा कंज्यूमर ने 20,000 करोड़ रुपये के सालाना रेवेन्यू का मील का पत्थर पार कर लिया। कंपनी का रेवेन्यू 15% बढ़कर 20,290 करोड़ रुपये हो गया। सालाना एबिटा 12% बढ़कर 2,815 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने बताया कि उसके इंडिया ब्रांडेड बिजनेस ने चौथी तिमाही में 16% की अंडरलाइंग वॉल्यूम ग्रोथ दर्ज की जबकि सालाना वॉल्यूम ग्रोथ 13% रही। कंपनी का इंडिया फूड्स बिजनेस इस तिमाही के दौरान 21% बढ़ा, जिससे FY26 की ग्रोथ 18% हो गई। नमक से होने वाला रेवेन्यू 12% बढ़ा, जो लगातार पांचवीं तिमाही में दो अंकों की ग्रोथ को दिखाता है जबकि टाटा संपन्न ने इस तिमाही के दौरान 69% की ग्रोथ दर्ज की। इंडिया बेवरेजेस बिजनेस चौथी तिमाही में 4% बढ़ा, जबकि सालाना ग्रोथ 8% रही।
इस तिमाही के दौरान भारत में चाय की बिक्री में 4% की बढ़ोतरी हुई जबकि कॉफी से होने वाली कमाई में 20% का इजाफा हुआ। रेडी-टू-ड्रिंक कारोबार ने लगातार तीसरी तिमाही में दोहरे अंकों में बढ़ोतरी दर्ज की और इसकी कमाई 23% बढ़ी। FY26 में टाटा कंज्यूमर के 'ग्रोथ बिजनेस' ने 4,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया, जो उसके भारत के कारोबार का 31% है।
डिविडेंड का ऐलान
टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के बोर्ड ने FY26 के लिए प्रति शेयर 10 रुपये के डिविडेंड की भी सिफारिश की है। अगर शेयरहोल्डर्स इस डिविडेंड को मंजूरी दे देते हैं तो इसका भुगतान/वितरण 15 जून, 2026 को या उसके बाद किया जाएगा। शेयर की बात करें तो अभी 1176 रुपये पर है। बीते शुक्रवार को शेयर 1194 रुपये से 1158 रुपये के बीच रहा। जनवरी 2026 में शेयर 1,220.70 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। अप्रैल 2026 में शेयर 1,007.20 रुपये के निचले स्तर पर आ गया। इस लिहाज से शेयर रिकवरी मोड में है।
क्या कहा कंपनी के सीईओ ने?
टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO, सुनील डिसूजा ने कहा कि हमने FY26 का शानदार अंत किया। हमारा प्रदर्शन हमारे मुख्य और ग्रोथ वाले व्यवसायों में व्यापक रहा, जो काम को पूरा करने, इनोवेशन और ब्रांड बनाने में हमारी लगातार बनी हुई गति को दिखाता है।




साइन इन