टाटा की इस कंपनी को मिला नया CEO, गदगद निवेशकों ने झोली भरकर खरीदे शेयर
टाटा कम्युनिकेशंस ने गणपति एस. लक्ष्मीनारायणन को 20 मई 2026 से शुरू होने वाले 5 साल के कार्यकाल के लिए अपना मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त किया है। इस खबर के बीच कंपनी के शेयर पर निवेशक टूट पड़े।

Tata Communications share: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कम्युनिकेशंस के मैनेजमेंट में बड़े बदलाव से बुधवार को इस कंपनी के शेयर पर निवेशक टूट पड़े। सप्ताह के तीसरे दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE पर शेयर में जबरदस्त उछाल आया और कीमत 10 पर्सेंट बढ़ गई। यह इंट्रा-डे में ₹1,805 प्रति शेयर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, कारोबार के अंत में शेयर 8 पर्सेंट उछलकर 1777.50 रुपये पर आ गया।
मैनेजमेंट में बड़ा बदलाव
टाटा कम्युनिकेशंस ने गणपति एस. लक्ष्मीनारायणन को 20 मई 2026 से शुरू होने वाले 5 साल के कार्यकाल के लिए अपना मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया है- कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने गणपति एस. लक्ष्मीनारायणन को एक अतिरिक्त डायरेक्टर और कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति 20 मई, 2026 से 19 मई, 2031 तक (दोनों दिन शामिल) पांच साल के कार्यकाल के लिए है। नामांकन और पारिश्रमिक समिति की सिफारिश के आधार पर बोर्ड ने इस नियुक्ति को मंजूरी दी।
बता दें कि लक्ष्मीनारायणन को गणेश के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने इस साल जनवरी में MD और CEO-नामित बनाया गया था। उनके पास मल्टीनेशनल कंपनियों, B2B स्टार्टअप और भारतीय उद्यमों में तीन दशकों से अधिक का मैनेजमेंट का अनुभव है।
टाटा कम्युनिकेशंस में शामिल होने से पहले उन्होंने ServiceNow में ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट और भारत और SAARC के लिए मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर काम किया। उन्होंने एयरटेल में एंटरप्राइज बिजनेस डिवीजनों का नेतृत्व किया, जिसमें भारत में एयरटेल बिजनेस के CEO के तौर पर काम करना भी शामिल है। लक्ष्मीनारायणन के पास रॉस स्कूल ऑफ बिजनेस से हाई डिस्टिंक्शन के साथ MBA की डिग्री है और गुइंडी इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस के अलावा इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री है।
उन्होंने NASSCOM की एग्जीक्यूटिव काउंसिल और FICCI की काउंसिल में भी काम किया है। कंपनी ने साफ किया कि लक्ष्मीनारायणन और बोर्ड के किसी भी सदस्य के बीच आपस में कोई संबंध नहीं है और उन्हें भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) या किसी अन्य अथॉरिटी द्वारा डायरेक्टर का पद संभालने से रोका नहीं गया है। टाटा कम्युनिकेशंस के शेयर के 52 हफ्ते के हाई की बात करें तो 2,004 रुपये है। वहीं, 52 हफ्ते का लो 1,323 रुपये है। शेयर के 52 हफ्ते का हाई पिछले साल अक्टूबर महीने में था। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का लो अप्रैल 2026 में रहा।




साइन इन