stock market today 19 march live sensex today india share market latest updates पस्त पड़ा शेयर बाजार, सेंसेक्स 2496 अंक टूटकर बंद, निफ्टी 775 अंक गिरा, Business Hindi News - Hindustan
More

पस्त पड़ा शेयर बाजार, सेंसेक्स 2496 अंक टूटकर बंद, निफ्टी 775 अंक गिरा

Stock Market Today Live 19 March:  ग्लोबल टेंशन के कारण हालात इतने बिगड़े कि गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स 2,496.89 अंक का गोता लगाकर 74,207.24, एनएसई निफ्टी 775.65 अंक की गिरावट के साथ 23,002.15 अंक पर बंद हुआ।

Thu, 19 March 2026 02:32 PMDrigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान
share
पस्त पड़ा शेयर बाजार, सेंसेक्स 2496 अंक टूटकर बंद, निफ्टी 775 अंक गिरा

Stock market crash: ईरान की ओर से कतर के बड़े एलएनजी प्लांट पर हमले और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी ने ग्लोबल टेंशन को बढ़ा दिया है। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा है। हालात इतने बिगड़े कि गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स 2,496.89 अंक का गोता लगाकर 74,207.24, एनएसई निफ्टी 775.65 अंक की गिरावट के साथ 23,002.15 अंक पर बंद हुआ।

2:30 PM: दिग्गज स्टॉक्स भी धराशायी

भारतीय शेयर में आए भूचाल के बीच गुरुवार को कई प्रमुख और मिडकैप शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली। बड़े-बड़े दिग्गज स्टॉक्स भी धराशायी हो गए। सेंसेक्स पर इटरनल 5.46, बजाज फाइनेंस 5.34, महिंद्रा एंड महिंद्रा 4.86, एलएंडटी 4.57, एचडीएफसी बैंक 4.35, इंडिगो 4.21, बजाज फिनसर्व 4.08 प्रतिशत लुढ़क गए। केमिकल सेक्टर की कंपनी Camlin Fine Sciences में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज हुई, जिसका शेयर करीब 6.87% टूटकर ₹120.60 पर आ गया। वहीं राम-कृष्ण Forgings में 3.92% और सोलर इंडस्ट्री में 3.65% की गिरावट देखी गई। इस गिरावट का असर बड़े और मजबूत फंडामेंटल वाले शेयरों पर भी पड़ा है। हनीवेल करीब 2.05% टूटा, जबकि फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी सिप्ला में भी 2% से अधिक गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट की आंधी में शुगर सेक्टर के कुछ शेयर डटे रहे। अवध शुगर एंड एनर्जी (2.52% ऊपर) और बलरामपुर चीनी मिल्स (1.90% ऊपर) हैं।

Stock Market Today Live 19 March 2:10 PM: शेयर मार्केट में चौतरफा गिरावट है। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 2164 अंको का गोता लगाकर 74,539 पर आ गया है। निफ्टी 672 अंकों के नुकसान के साथ 23,105 पर पहुंच गया है। निफ्टी मिड कैप, स्मॉल कैप इंडेक्स में 2 फीसद से अधिक की गिरावट है। निफ्टी के 50 शेयरों में से केवल एक ओएनजीसी ही हरे निशान पर है। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर लाल निशान पर हैं।

Stock Market Today Live 19 March 1:31 PM: शेयर मार्केट में आए भूचाल से सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश हो गए हैं। बाजार में चौतरफा गिरावट है। निफ्टी मिड कैप, स्मॉल कैप इंडेक्स में 2 फीसद से अधिक की गिरावट है। निफ्टी के 50 शेयरों में से केवल एक ओएनजीसी ही हरे निशान पर है। इसमें 1.15 प्रतिशत की तेजी है। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर लाल निशान पर हैं। निफ्टी में श्रीराम फाइनेंस 6.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ टॉप लूजर है। इटरनल में 5.22, बजाज फिनसर्व में 4.71, एलएंडटी में 4.27 और टाटा मोटर्स में 4.20 प्रतिशत की गिरावट है।

Stock Market Today Live 19 March 1:25 PM:शेयर मार्केट की गाड़ी गिरावट की पटरी से उतरने का नाम ही नहीं ले रही। सेंसेक्स अभी 1808 अंकों की गिरावट के साथ 74895 पर है। जबकि, निफ्टी 587 अंकों का गोता लगाकर 23190 पर ट्रेड कर रहा है। सेंसेक्स में अभी भी सभी स्टॉक्स लाल निशान पर हैं और अब इटरनल 5.15 पर्सेंट की गिरावट के साथ टॉप लूजर। बजाज फाइनेंस में 4.55 पर्सेंट और एलएंडटी में 4.16 प्रतिशत का नुकसान है। एचडीएफसी बैंक में गिरावट अब 3.71 प्रतिशत की रह गई है। जबकि, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फिनसर्व भी करीब 4 फीसद लुढ़क गए हैं।

Stock Market Today Live 19 March 12:20 PM: शेयर मार्केट में अभी भी गिरावट बड़ी है। सेंसेक्स अभी 1664 अंकों की गिरावट के साथ 75039 पर है। जबकि, निफ्टी 530 अंकों का गोता लगाकर 23247 पर ट्रेड कर रहा है। सेंसेक्स में अभी भी सभी स्टॉक्स लाल निशान पर हैं और अब इटरनल 5.26 पर्सेंट की गिरावट के साथ टॉप लूजर।

Stock Market Today Live 19 March 11:00 AM:शेयर मार्केट में हाहाकार के बीच बैंक निफ्टी में 2.70 प्रतिशत की गिरावट है। फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में भी 2.86% का नुकसान है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 2.65 प्रतिशत नीचे है। आईटी में 2.38 और एफएमसीजी में 1.80% की गिरावट है। मीडिया में 0.94, मेटल में 1.61 प्रतिशत का नुकसान है। पीएसयू बैंक 2.09, प्राइवेट बैंक 2.77, फार्मा 1.48, हेल्थ केयर 1.61, कंज्यूमर ड्यूराबेल्स 2.86 प्रतिशत लुढ़का है। सेंसेक्स अभी 1741 अंकों की गिरावट के साथ 74963 पर है। जबकि, निफ्टी 534 अंकों का गोता लगाकर 23241 पर ट्रेड कर रहा है।

Stock Market Today Live 19 March 9:40 AM: शेयर मार्केट में हाहाकार के बीच सेंसेक्स अभी 1716 अंकों की गिरावट के साथ 74988 पर है। जबकि, निफ्टी 516 अंकों का गोता लगाकर 23261 पर ट्रेड कर रहा है। एनएसई पर केवल 400 स्टॉक्स ही ग्रीन जोन में हैं। 2303 शेयरों में गिरावट है। जबकि, सेंसेक्स ब्लड बाथ कर रहा है। सभी शेयर लाल हैं और एचडीएफसी बैंक टॉप लूजर।

Stock Market Today Live 19 March 9:15 AM: शेयर मार्केट में आज भूचाल है। सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश हो गए हैं। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1953 अंकों की गिरावट के साथ 74751 पर खुला। जबकि, निफ्टी 589 अंकों का गोता लगाकर 23198 पर खुला।

Stock Market Today Live 19 March 7:50 AM: कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की चिंताओं के बीच वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के चलते भारतीय शेयर मार्केट के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी-50 के गुरुवार को गिरावट के साथ खुलने के आसार हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले के बाद एशियाई बाजारों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि अमेरिकी शेयर बाजार में रातोंरात गिरावट आई।

सेंसेक्स-निफ्टी के लिए क्या हैं संकेत

एशियन मार्केट

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीति और अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद वॉल स्ट्रीट पर रातोंरात गिरावट के बाद एशियाई बाजारों में गुरुवार को गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई 225 2.47% गिर गया, जबकि टॉपिक्स 1.82% गिर गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.56% गिर गया और कोस्डैक 1.73% गिर गया। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने कम खुलने का संकेत दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अमेरिकी शेयर मार्केट में भूचाल: अरबपतियों को अरबों डॉलर का झटका

गिफ्ट निफ्टी टुडे

गिफ्ट निफ्टी 23,251 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 525 अंकों की छूट है। यह भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए गिरावट के साथ शुरुआत का संकेत देता है।

वॉल स्ट्रीट

अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को तेजी से नीचे बंद हो गया, जब फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को अपरिवर्तित रखा। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.63% टूटकर 46,225 और एसएंडपी 500 1.36% गिरकर 6,624 पर बंद हुआ। नैस्डैक 1.46% गिरकर 22,152.42 पर बंद हुआ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:HDFC Bank के चेयरमैन का इस्तीफा, एथिक्स पर उठाए सवाल, शेयरों पर रहेगा प्रेशर

US फेडरल रिजर्व पॉलिसी

US फेडरल रिजर्व ने बेंचमार्क ब्याज दरों को लगातार दूसरी बार 3.5% से 3.75% की रेंज में अपरिवर्तित छोड़ दिया। फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल के नेतृत्व वाले एफओएमसी ने इस साल उच्च मुद्रास्फीति, स्थिर बेरोजगारी और उधार लेने की लागत में एकल कमी का अनुमान लगाया।

कच्चे तेल की कीमतें

मध्य पूर्व में ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमलों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया। ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 3.71% बढ़कर 111.36 डॉलर प्रति बैरल हो गई, जबकि यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड फ्यूचर्स 2.97% बढ़कर 99.18 डॉलर हो गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बैंक आज से लगातार कई दिन बंद रहेंगे, गुड़ी पड़वा से ईद तक छुट्टी ही छुट्टी

डॉलर

अमेरिकी डॉलर इंडेक्स 0.1% गिरकर 100.11 पर आ गया। येन 0.1% बढ़कर 159.78 पर आ गया, जो दो वर्षों में अपने सबसे कमजोर स्तर से वापस आ गया। यूरो 0.1% चढ़कर 1.1469 डॉलर पर पहुंच गया, जबकि ब्रिटिश पाउंड 0.1% गिरकर 1.3273 डॉलर पर पहुंच गया।

Gold Rate Today

पिछले सत्र में सोने की कीमतें लगभग 4% गिरने के बाद स्थिर रहीं। हाजिर सोने की कीमत 0.4% बढ़कर 4,835.55 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि चांदी की कीमतें 0.7% बढ़कर 75.87 डॉलर हो गईं। (रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,